जाह्नवी चौक से इस्माइलपुर तक रिंग बांध निर्माण में फंसे भू-अर्जन का पेच अब जल्द समाप्त हो जाएगा। निर्माण में आई किसानों की जमीन का जल्द ही अधिग्रहण कर मुआवजे का भुगतान होगा। इसके बाद इस वर्ष अक्टूबर माह से रिंग बांध का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। गुरुवार को रिंग बांध निर्माण की समस्या को समाप्त करने व इसके लिए किसानों की सहमति लेने पहुंचे डीएम प्रणव कुमार ने जाह्नवी चौक से इस्माइलपुर तक रिंग बांध की स्थिति का जायजा लिया। मौके पर समस्याओं को जाना और किसानों की सहमति लेकर कहा कि रिंग बांध का निर्माण जरूरी है, इसके बन जाने से पूरा इस्माइलपुर प्रखंड सुरक्षित हो जाएगा।

इस पर किसानों ने एक स्वर में अपनी सहमति दे दी और भू-अर्जन की समस्या बताया। डीएम ने कहा कि जितने किसानों की जमीन आई है, उनके उक्त भूमि का जल्द ही अधिग्रहण किसानों को उनकी जमीनों का मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता को इस दिशा में जल्द से जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। डीएम ने कटावरोधी कार्यों को भी देखा। इस्माइलपुर के जिला परिषद सदस्य विपिन कुमार मंडल सहित वरीय अपर समाहर्ता अधिकारी राजेश झा राजा, एसडीओ मुकेश कुमार व अन्य अफसर थे।

एक माह के अंदर मिल जाएगा किसानों को मुआवजा, डीएम ने इस्माइलपुर-बिंद टोली बांध का लिया जायजा, जलसंसाधन विभाग को भूअर्जन की कार्रवाई तेज करने के दिए निर्देश

सतत लीज नीति से होगा किसानों की जमीन का अधिग्रहण :

रिंग बांध के निर्माण में किसानों की आयी जमीन का अधिग्रहण सतत लीज नीति के तहत होना है। इसको लेकर जलसंसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता को कागजी प्रक्रिया पूरी कर किसानों को नोटिस देकर शिविर लगाकर अधिग्रहण कर मुआवजे की राशि का भुगतान करने का निर्देश डीएम ने दिया है। 10 किलोमीटर लंबे रिंग बांध के निर्माण में 600 से अधिक किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। इसमें अधिकांश किसानों की जमीनों की कागजी प्रक्रिया पूर्व में ही पूरी कर ली गई है। मौके पर डीएम ने जिन किसानों की कागजी प्रक्रिया अधूरी है, उन्हें जल्द से जल्द दूर कर मुआवजे का भुगतान करने को कहा है। निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता ने जल्द ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर लेने भरोसा डीएम के सामने जताया।

निदान को लेकर बनी कमेटी :

पिछले दिनों जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव कटावरोधी कार्य के निरीक्षण के लिए गोपालपुर पहुंचे थे। जहां इस्माइलपुर के किसानों में भू-अर्जन की समस्या को रखा था। किसानों आवेदन भी सौंपा था। इस पर प्रधान सचिव ने भू-अर्जन की समस्या के निदान को लेकर सात सदस्य कमेटी का गठन किया था। के गठन के बाद प्रशासनिक स्तर पर पहल तेज कर दी गई।

कटावरोधी कार्य का भी डीएम ने लिया जायजा :

निरीक्षण के दौरान डीएम ने इस वर्ष इस्माइलपुर-बिंद टोली के बीच हुए कटावरोधी कार्य का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जल संसाधन विभाग के अभियंता को स्पर संख्या 4 से 6 तक उल्टे साइड में सोल कटिंग कराने को कहा। कहा कि उल्टे साइड में सोल कटिंग हो जाने से तटबंध पर दबाव कम हो जाएगा। वहीं समाजसेवी सह ग्रामीण नवीन चंद्र कुंवर ने स्पर संख्या 5 से 6 एन के बीच कई जगह पर बने हुए लूप की स्थिति से अवगत कराया। इन्होंने बाढ़ के समय तटबंध पर खतरा नहीं हो, इसलिए लूप में कार्य कराए जाने की मांग की।

स्पर 9 से कुर्सेला तक भी रिंग बांध का हो निर्माण पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता मुकेश कुमार ने स्पर संख्या 9 से कुर्सेला पुल तक रिंग बांध निर्माण कराए जाने की मांग डीएम से की। कहा इस निर्माण के बाद रंगरा व गोपालपुर प्रखंड का पूरा इलाका बाढ़ से सुरक्षित हो जाएगा। साथ ही उक्त रिंग बांध जाह्नवी चौक से कुर्सेला पुल तक बाइपास सड़क भी हो जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *