पटना: राजधानी में तीन मार्च को होने वाली बीजेपी की संकल्प रैली में बम ब्लास्ट की धमकी मिली है. जानकारी अनुसार इस धमकी को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए दिया गया है. एटीएस ने आरोपी युवक की गिरफ्तारी कर पूछताछ की है. इस युवक से आईबी ने भी पूछताछ की है.
गांधी मैदान में होने वाली बीजेपी की रैली में पीएम नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव-2019 का बिगुल फूंकने आ रहे हैं. इसी रैली को लेकर व्हाट्सएप के एक ग्रुप पर धमकी भरा संदेश भेजा गया है. इस संदेश में बम ब्लास्ट की बात लिखी हुई है. मैसेज, जिस अभियुक्त के फोन से वायरल किया गया था. एटीएस ने उसे गिरफ्त में लेकर पूछताछ की. वहीं सूत्रों की माने तो आईबी ने भी इस अभियुक्त से पूछताछ की है. फिलहाल, अभियुक्त को पुलिस के हवाले कर दिया गया है.आरोपी का नाम उदयन राय बताया जा रहा है. ग्रुप मेंबर ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी थी.

इस धमकी के बाद बिहार पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है. राज्य पुलिस मुख्यालय ने मामले को संज्ञान में लिया है. इसके चलते देर रात डीएसपी समेत तमाम पुलिस अधिकारी बैठक करेंगे. सुरक्षा के मद्दे नजर सभी थानाध्यक्ष, एसएसपी, ग्रामीण एसपी देर रात तक बैठक करेंगे. वहीं, डीजीपी ने सोमवार को संकल्प रैली की सुरक्षा के लिए टास्क दिया था. इस पर भी चर्चा होगी.


