इस सावन पैदल बाबाधाम जाने वाले शिवभक्तों को कांवरिया पथ, बेहद सुकून पहुंचाएगा। कांवरियों को थकान मिटाने के लिए बैठने की भी व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही कांवर रखने के लिए स्टैंड भी बनाए जाएंगे। हरे भरे पेड़-पौधों की छांव भी मिलेगी। पीने के पानी और शौचालय की भी सुविधा होगी। अजगैबीधाम में इस वर्ष लगने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में कांवरियों को कोई दिक्कत न हो, इसको लेकर जमीन पर कार्य शुरू कर दिए गए हैं। राज्य कोष से पर्यटन विभाग, जहां कांवरिया पथ पर करीब 6 करोड़ की लागत से फोर सीटर पर्यटन सिटिंग चेयर, आकर्षक रंग-बिरंगे लगाने शुरू कर दिए हैं, वहीं वन प्रमंडल की ओर से कांवरिया पथ की दोनों तरफ भक्तों को छांव मिले, इसको लेकर बड़े पैमाने पर पौधरोपण भी किया गया है। इस बार कांवरियों को कांवरिया पथ पर बनाईं गईं दुकानों में थकान मिटाने के लिए नहीं रुकना पड़ेगा और इसके लिए अब उनको जेब भी ढीली नहीं करनी पड़ेगी।

कांवर रखने के लिए बनाए जाएंगे स्टैंड, बैठने के लिए लगेंगी कुर्सियां, पेड़-पौधों की छांव भी मिलेगी, पानी और शौचालय की भी सुविधा होगी
कांवरिया पथ पर लगाए जा रहे हैं फोर सीटर वाली कुर्सियां और बेंच।
कांवरिया पथ के किनारे जगह चिह्नित कर शुरू कर दिए हैं कार्य

इसमें भागलपुर जिला अन्तर्गत सुल्तानगंज से बाथ के तेघरा फाॅल तक कुल 32 सिटिंग चेयर लगाई जा रही हैं। मुंगेर परिसीमन अन्तर्गत 26 व बांका परिसीमन में 42 सिटिंग चेयर लगेगी। कुल 100 सिटिंग चेयर लगाई जा रही हैं। इंक्रीडिबल इंडिया एंड बिहार टूरिज्म मार्का अंकित उक्त सिटिंग चेयर लगाने को लेकर कच्चा कांवरिया पथ किनारे जगह चिह्नित कर लिए गए हैं। विभाग के जेई पंकज कुमार ने बताया कि उक्त पथ की कुल दूरी अन्तर्गत जरूरत के हिसाब से जगह चिह्नित किया गया है। जहां-जहां पथ के दोनों किनारे लगाने की जरूरत होगी, वहां-वहां लगाई जाएगी। अन्यथा एक किनारे अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे। एक-दूसरे सिटिंग चेयर की दूरी जरूरत के हिसाब से चिह्नित हैं।

मेला के दौरान लगे अस्थायी दुकानों में जेब नहीं होगी ढीली

वर्ष 2009 में सुल्तानगंज से देवघर के बीच निर्माण किए गए 105 किमी लंबा कच्चा कांवरिया पथ पर फिलहाल कांवरियों को थकान मिटाने के लिए, उन्हें बैठने की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके लिहाज से कांवरिए मेला के दौरान लगे अस्थायी दुकानों में बैठकर अपनी थकान मिटाते थे। इसके एवज में उन्हें निर्धारित शुल्क की अदायगी करनी पड़ती थी। अब कांवरिए सिटिंग चेयर पर बैठकर अपनी थकान मिटा सकेंगे। विभागीय जानकारी के अनुसार सिटिंग चेयर के आसपास कांवरियों को अपनी कांवर भी रखने हेतू स्टैंड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग इस ओर पहल कर रही हैं।

अफसरों के साथ डीएम आज ले सकते हैं कांवरिया पथ का जायजा

केंद्र और राज्य सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से कांवरिया पथ और अजगैबीनाथ गंगा घाट पर सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाना है। बाथ के धांधी बेलारी हाईस्कूल स्थित कैंपस में सभी मूलभूत सुविधाओं से लैस दो मंजिला कांवरिया विश्रामालय (रैन सोल्टर) का निर्माण होना है। केंद्र सरकार गंगा घाट का सौंदर्यीकरण और रैन सोल्टर और कांवरिया पथ पर सौंदर्यीकरण और सुविधाअों का ख्याल राज्य सरकार के कोटे से होना है। पर्यटन विभाग के सूत्रों के हवाले से ऐसी संभावना जताई गई है कि डीएम प्रणव कुमार पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ सोमवार को कांवरिया पथ और धांधी बेलारी का जायजा ले सकते हैं। रैन सोल्टर निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने की कोशिश होगी

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *