नवगछिया : बजट पर नवगछिया के लोगों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया व्यक्त की है। किसी ने इसे सराहा तो किसी ने निराशाजनक बताया। नवगछिया बाजार के प्रमुख व्यवसायी पवन सर्राफ, अजय रूंगटा ने कहा कि बजट का प्रभाव देर से दिखेगा। कोरोना काल में एक सकारात्मक बजट है।
Total Downloads: 101
वहीं जदयू जिला अध्यक्ष विरेंद्र सिंह ने बताया कि बजट में गरीबों को आवास सहित लाखों लोगों को रोजगार देने की घोषणा काफी सराहनीय है। भाजपा जिला मंत्री मुकेश राणा ने कहा कि देश का बजट आम लोगों का बजट है। आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत 16 लाख नौकरियां देने की घोषणा सहित मेक इन इंडिया के तहत 60 लाख नौकरियां देने की घोषणा काफी सराहनीय है। वार्ड पार्षद मुन्ना भगत ने कहा कि देश भर में आवास योजना में बचे 80 लाख लोगों को आवास योजना का लाभ दिए जाने की घोषणा काफी सराहनीय है।
वहीं राजद नेता संजय मंडल ने कहा कि देश के बजट में सिर्फ झुनझुना थमा दिया गया है। कोई भी घोषणा सरजमीं पर नहीं आने वाली दिखती है। नगर परिषद की निवर्तमान अध्यक्ष प्रीति कुमारी और पार्षद चम्पा कुमारी ने कहा कि देश के बजट में दो लाख आंगनबाड़ी केंद्रों को विकसित किए जाने की घोषणा और रेलवे द्वारा नई ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस को वृहत रूप में चलाने की घोषणा काफी सराहनीय है।

