बांका : शिक्षकों की हड़ताल के कारण इंटर की कॉपियों के मूल्यांकन की धीमी गति को देखते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारी काफी व्यग्र हो चुके हैं। इन्होंने कॉपियों के मूल्यांकन में वैसे शिक्षकों को भी लगा दिया है, जो या तो नौकरी छोड़ चुके हैं या जिनकी मौत हो चुकी है। मूल्यांकन का आधा समय बीत जाने के बाद भी बांका में अभी पांच फीसद कॉपियां भी नहीं जांची जा सकी हैं। सवा लाख से अधिक कॉपियों में जांच का आंकड़ा सात हजार पर अटका है। ऐसे में परीक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज करने और निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।
Total Downloads: 105
डीईओ अहसन ने शनिवार शाम जारी ककवारा मूल्यांकन केंद्र पर परीक्षक तैनाती की सूची में 51वें नंबर पर मो. गुलाम हैदर को कॉपी जांचने भेजा है। इसमें उनके विद्यालय का नाम प्रोजेक्ट कन्या इंटर स्कूल, कटोरिया है। विद्यालय की शिक्षिका राखी सिंह ने बताया कि गोड्डा के परसा निवासी मो. गुलाम हैदर का बीमारी के कारण छह माह पूर्व देहांत हो चुका है।

एसएस बालिका इंटर स्कूल की शिक्षिका आभा कुमारी ने झारखंड में शिक्षक की नौकरी मिलने पर इस पद का त्याग कर दिया। कॉपी नहीं जांचने पर पद नौकरी छोड़ने वाली आभा पर मामला दर्ज करा दिया गया। कार्रवाई आगे भी जारी रही, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने उनके निलंबन का पत्र भी जारी कर दिया है।
आभा ने फोन पर बताया कि डीपीओ स्थापना देवनारायण पंडित ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें मानसिक प्रताड़ना दी है। वह इसके खिलाफ कोर्ट में जाएंगी। रसायन शास्त्र के शिक्षक जमील अहमद व अंग्रेजी की शिक्षक खालिद सबा को भी गणित की कॉपी जांचने का पत्र जारी कर दिया गया है।

