भागलपुर : आदमपुर चौक स्थित एक एटीएम से रुपये लूटने की कोशिश कर रहे बदमाश को इसका अहसास भी नहीं होगा कि उसकी हर हरकत पर मुंबई में बैठे सुरक्षाकर्मियों की नजर है। उसने जैसे ही एटीएम में घुसकर तोड़फोड़ की कोशिश की, मुंबई के सिक्यूरिटी सेंटर में अलार्म बज उठा। वहां से तत्काल भागलपुर के एसएसपी आशीष भारती को सूचना दी गई। फुटेज तक भेज दिया। पुलिस तुरंत हरकत में आई और बदमाश को दबोच लिया।
Total Downloads: 105
आरोपित बदमाश की पहचान बांका जिले के दयालडीह, गुलनी कुशहा निवासी वसंत कुमार उर्फ मुनमुन सिंह के रूप में हुई। इस मामले में पुलिस वसंत के अन्य साथियों की तलाश कर रही है। शनिवार देर रात बदमाशों ने पहले एक्सिस बैंक के एटीएम को निशाना बनाया। उसमें सफल नहीं होने पर उसने आइसीआइसीआइ बैंक के एटीएम को तोड़ नकदी लूटने का प्रयास किया। इस दौरान एटीएम में लगे सिक्योरिटी सिस्टम ने मुंबई स्थित बैंक के मुख्यालय को अलर्ट भेज दिया। मुंबई से
सूचना मिलते ही एसएसपी आशीष भारती ने जोगसर चौकी प्रभारी विश्वबंधु कुमार को अलर्ट किया और मौके पर भेजा। चौकी प्रभारी ने जांच के दौरान बाइक सवार संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में मामले का पर्दाफाश हुआ। एटीएम से मिले सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान भी कराई गई। वह लूटपाट करने में सफल नहीं हो पाया था। एसएसपी ने रविवार को यह जानकारी दी।

चोरी की बाइक के साथ पहुंचा था नकदी लूटने: एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने वसंत के पास से जो बाइक बरामद की, वह चोरी की है। उसने कोतवाली इलाके में एक कपड़े के शोरूम के सामने से शनिवार को इसे चुराई थी। पुलिस ने शोरूम का भी सीसीटीवी कैमरा खंगाला, जिसमें वसंत बाइक चोरी करते दिख रहा है। इस मामले में जोगसर चौकी में केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों घटनाओं में उसने अपनी संलिप्तता कुबूल की है।
2018 में भी किया था लूट का प्रयास: 27 दिसंबर 2018 को भी आदमपुर चौक स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में बदमाशों ने लूट का प्रयास किया था। सिक्योरिटी अलार्म बज जाने के कारण बदमाश डर कर भाग निकले थे। वे अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
नवगछिया : एटीएम मशीन में कैश डालने आए सेक्योर वैल्यू इंडिया लिमिटेड कंपनी के कर्मी द्वारा ही सात लाख रुपये उड़ाने का मामला सामने आया है। कंपनी के शाखा प्रबंधक बांका के शंभुगंज थाना क्षेत्र के पकरिया निवासी प्रणय कुमार ने नवगछिया थाने में मामला दर्ज कराया है, जिसमें कंपनी के कर्मी मधेपुरा के कुमारखंड थाना क्षेत्र के बैसार निवासी प्रियेश कुमार को आरोपित किया है।
आवेदन के अनुसार 20 फरवरी को नवगछिया अनुमंडल में एटीएम मशीनों में कैश डालने के लिए प्रियेश कुमार और गोपालपुर के धरहरा निवासी आनंद कुमार को भेजा गया था।
नवगछिया बाजार में टाटा इंडिकेश एटीएम में 10 लाख कैश डाला गया। 21 फरवरी को ढोलबज्जा बाजार स्थित मोहनपुर टाटा इंडिकेस एटीएम में 12 लाख डाला गया। 22 फरवरी को नवगछिया बाजार में उसी एटीएम में जाकर प्रियेश कुमार ने पांच लाख दो हजार आठ सौ रुपये अवैध रूप से निकाल लिया।
इसी तरह 23 फरवरी को ढोलबज्जा बाजार के एटीएम से दो लाख 28 हजार रुपये की चोरी कर ली। 24 फरवरी को इसकी सूचना आनंद कुमार ने कंपनी के शाखा प्रबंधक को दी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर प्रियेश का चेहरा सामने आया। प्रियेश ने पासवर्ड का गलत उपयोग कर एटीएम में घुसकर सात रुपये की चोरी की है। वहीं प्रियेश कहना है कि 21 और 22 फरवरी तक एटीएम में डाले गए रुपये का मिलान कराया गया था। झूठा आरोप लगाया गया है।

