भारी जलजमाव की जिल्लत झेल रहे राजधानी के लोगों के लिए अच्छी खबर नहीं हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान से पटना के लोगों की अगले दो दिनों तक चिंता बढ़ सकती है। पटना सहित सूबे के चार जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी मौसम अपडेट के अनुसार पटना, वैशाली, बेगूसराय, खगड़िया में गुरुवार और शुक्रवार को भारी बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इसे औरेंज अलर्ट के रूप में इंगित किया है।
दरअसल पूर्वी मध्यप्रदेश के उत्तरी हिस्से और आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना है जो तेजी से नीचे की ओर शिफ्ट हो रहा है। इससे बिहार के कुछ जिलों में भारी और कहीं कहीं आंशिक बारिश हो सकती है। इससे पहले मौसम विज्ञान की ओर से चार अक्टूबर तक भारी बारिश की स्थिति बने रहने का पूर्वानुमान किया गया था। हालांकि पिछले दो दिनों से बारिश बंद होने से लोगों को भारी राहत मिली थी। जलजमाव की स्थिति गंभीर होने के कारण मौसम विभाग के इस अलर्ट ने लोगों की चिंता फिर से बढ़ा दी है।


हालांकि बुधवार को पटना में तीखी धूप की स्थिति रही। पिछले चार-पांच दिनों से लुढ़का हुआ पारा काफी तेजी से ऊपर आया और पटना का तापमान 31.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सूबे के बाकी शहरों में भी मौसम बेहतर रहा। गया का अधिकतम तापमान 31.5, भागलपुर का 31 डिग्री सेल्सियस और पूर्णिया का 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिजली नहीं रहने से पानी को तरसे लोग
बिजली गुल रहने से लोग एकबूंद पानी को तरस गए। लोग पानी के लिए इधर-उघर भटक रहे थे। कोई कुआं तो कोई सरकारी चापाकलों को ढूंढता रहा। कदमकुआं काठपुल के पास एक पुराना कुआं का पानी गंदा होने के बावजूद लोगों इस्तेमाल किया। कुआं के पास लंबी लाइन पानी के लिए लगी रही। लोग दूर-दूर से बाल्टी,डब्बे में कुआं से पानी भरकर-भरकर ले जाते रहे।

बिजली बिना लोगों का दिन किसी तरह कटा तो रात काटनी मुश्किल हो गयी थी। घर में वृद्ध, बच्चे, महिलाएं अंधेरे में रात कैसे काटे। लोग दुकानों में मोमबत्ती ढूंढ़ रहे थे वह भी नहीं मिल रहा था। लोग रतजगा कर रात गुजारी। इसतरह दो दिनों तक लोग परेशान रहे। तीसरे दिन बिजली आने पर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।

