वर्दी की चाह रखनेवाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। बिहार पुलिस में दारोगा और सिपाही के 29 हजार से ज्यादा पदों पर बहाली जल्द शुरू होगी। राज्य सरकार की सहमति मिलने के बाद पुलिस मुख्यालय इसकी तैयारियों में जुट गया है। अगस्त के आखिर तक बहाली की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
कम से कम दो चरणों में होगी बहाली
पुलिस मुख्यालय के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक बिहार पुलिस को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। 29 हजार 86 पदों पर बहाली के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है। इसमें 4586 दारोगा का पद शामिल होगा। इसके अलावा 22 हजार 500 सिपाही की बहाली भी होनी है। 2000 पदों पर चालक सिपाही की भी बहाली होगी। इतने बड़े पैमाने पर बहाली का काम कम से कम दो चरणों में होगा। पहले चरण में दारोगा के 2300, सिपाही के 12000 और 1000 चालक सिपाही के पद पर बहाली होगी। वहीं, दूसरे चरण में दारोगा के 2286 और सिपाही व चालक सिपाही के बाकी पदों पर नियुक्ति की जाएगी।


पहली बार इतनी संख्या में नियुक्ति
बिहार में पहली बार पुलिस में इतनी बड़ी संख्या में बहाली होने जा रही है। कभी भी 4586 दारोगा, 22500 सिपाही और 2000 चालक सिपाही की बहाली एक साथ नहीं हुई है।
आयोग व परिषद को भेजी जाएंगी रिक्तियां
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग दारोगा और उसके समकक्ष अन्य पदों पर बहाली करता है। वहीं सिपाही के पद पर बहाली की जिम्मेदारी केन्द्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) के पास है। पुलिस मुख्यालय जल्द ही दारोगा, सिपाही और चालक सिपाही के पद पर बहाली की अधियाचना आयोग और पर्षद को भेजेगा। इसके बाद विज्ञापन निकाले जाएंगे और बहाली की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

1665 दारोगा की हुई है बहाली
इसी वर्ष बिहार पुलिस में 1665 दारोगा की बहाली हुई थी। इसके लिए साल 2018 में प्रक्रिया शुरू की गई थी। कुल 1717 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। हालांकि इसके मुकाबले 1665 अभ्यर्थियों का चयन दारोगा के पद पर किया गया था।
9900 सिपाही की बहाली रोक दी गई थी
साल 2018 में सिपाही के 9900 और फायरमैन के 1965 पदों पर बहाली निकाली गई थी। नवम्बर में अचानक इसकी प्रक्रिया रोक दी गई। इस वहज से यह बहाली नहीं हो पाई।

