एसएम कॉलेज में पढ़ने वाली और आसपास रहने वाली लड़कियां फब्तियां कसने वाले लड़कों से परेशान हैं। लड़कियों ने कहा कि उन्हें चुपचाप सिर झुकाकर निकल जाना पड़ता है।
Total Downloads: 378
एसएम कॉलेज रोड स्थित एक लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली रिमझिम ने कहा कि वह कोशिश करती हैं कि अकेले बाहर नहीं जाएं। जाने पर कभी सड़क पर खड़े लड़के फब्तियां कस देते हैं। उनकी सहेली प्रियंका ने बताया कि कई बार लड़के सड़क किनारे लगी दुकानों के पास खड़े रहते हैं। उनके पास से गुजरने पर ये लड़के दो अर्थ वाली बातें जोर-जोर से सुनाकर बोलते हैं। इसका हमलोग कुछ जवाब भी नहीं दे पाते हैं। पुलिस चौकी तो कोने में है, लेकिन सड़क पर पुलिस कभी -कभी राउंड लगाकर चली जाती है। जबकि उन्हें दिनभर इधर ही रहना चाहिए।


एसएम कॉलेज की छात्रा मनीषा ने कहा कि जब कभी पुलिस में शिकायत होती है तो पुलिस की गश्ती बढ़ जाती है, लेकिन फिर पहले जैसी हालत हो जाती है। रीना ने कहा कि अंधेरा होने के बाद इस तरह के लड़कों का मनोबल बढ़ जाता है। बाइक को गंदे तरीके से वे लोग चलाते हैं। लगता है जैसे हमें ठोकर मार देंगे। इसपर लगाम लगाने की व्यवस्था होनी चाहिए। स्थानीय निवासी प्रवीण ने कहा कि वे लोग बाहरी लड़कों को देखकर कई बार डांट-फटकार कर भगा देते हैं, लेकिन पुलिस का भय होना जरूरी है।
