भागलपुर :  घरों में ग्रिल काटकर, दरवाजा तोड़कर चोरियां तो सुनने में आती हैं। मगर बरारी इलाके के टेंपल रोड में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। चोरों ने बांका के ठेकेदार सुजीत चौधरी उर्फ बबलू चौधरी के घर को रविवार की रात निशाना बनाया। चोरों ने घर से नकदी, करीब सवा लाख के जेवरात और कागजातों से भरे बैग की चोरी तो की ही साथ ही सुजीत की बहन नीतू निधि के पैर का पायल काट लिया और उसके कान का झुमका भी चुरा लिया। परिवार वालों को चोरी का पता रात करीब दो बजे चला। उन लोगों ने बरारी पुलिस को भी रात में मामले की जानकारी दी। मगर करीब पांच घंटे तक पुलिस ने किसी तरह का संज्ञान नहीं लिया।

मुख्य गेट तोड़कर घर चोरों ने किया था प्रवेश

सुजीत के मुताबिक उनकी मां का देहांत हुआ था। श्राद्धकर्म के बाद रविवार को शांति पूजा के बाद लोग निश्चिंत होकर रात में सभी खाना खाकर सोने चले गए थे। रात करीब 2.00 बजे सुजीत की नींद खुली तो उन्होंने घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ देखा। यह देख उन्हें शक हुआ और जब वे गेट के पास गए तो घर का काफी सामान वहां बिखरा पड़ा था। उन्होंने तत्काल घर के अन्य सदस्यों को उठाया। चोरों ने घर के एलईडी टीवी भी चुराने का प्रयास किया था। जब सुजीत ने 50 हजार नकदी और जेवर के चोरी होने की संभावना जताई है। जब उसकी बहन उठकर आई तो उसने भी पायल काटने और कान से झुमके चोरी होने की बात बताई।

कई घंटे तक पुलिस ने नहीं लिया संज्ञान

चोरी की घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी परिवार वाले बरारी पुलिस को फोन करते रहे। मगर वे लोग कई घंटे तक मामले की जांच तक के लिए नहीं गए। रात में खबर देने के बाद पुलिस चौकी से सुबह आवेदन लिखकर लाने को कहा गया। जब परिजनों ने पुलिस चौकी में संबंधित आवेदन दे दिया तब भी पुलिस जांच के लिए नहीं पहुंची। वरीय अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद बरारी पुलिस जांच के लिए पहुंची। बरारी चौकी प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने बताया कि सुजीत चौधरी के बयान पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चोरों का पता लगाया जा रहा है। चोरों ने घर का कई बैग व अन्य सामान घर के पास ही खुले मैदान में फेंक दिया था।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *