बंगाल की खाड़ी से उठा ताकतवर चक्रवाती तूफान तितली बुधवार को सक्रिय हो गया है गुरुवार को यह ओडिशा तट से टकराएगा। तेज आंधी के साथ दो दिन भारी बारिश होगी वहीं इसके असर से बिहार और झारखंड भी अछूता नहीं रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार यहां इसका ज्यादा असर देखने को नहीं मिलेगा। फिर भी आगामी 12 और 13 अक्टूबर को तेज हवा के साथ बारिश होने की आशंका है।
कल से यहां तेज हवाएं चलेंगी। इससे तापमान में एकाएक गिरावट हो सकती है। अगले 72 घंटे तक गर्मी से राहत मिलेगी। चक्रवाती तूफान का असर आज शाम से देखने को मिल सकता है। ठंडी हवा चलेंगी। देर शाम हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके बाद शुक्रवार और शनिवार को भी तेज बारिश होने की आशंका है। मौसम में इस बदलाव के साथ तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि बुधवार को अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके में खतरे को देखते हुए कई इलाकों को खाली करने का आदेश जारी किया गया है।

रविवार से सामान्य हो जाएगा मौसम
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि भागलपुर में तेज रफ्तार से हवा चलेगी। हालांकि इससे किसी प्रकार का खतरे नहीं है। चक्रवात का असर रविवार तक खत्म हो जाएगा इसके बाद मौसम फिर से सामान्य हो जाएगा। हालांकि आज से आसमान में बादल छाए रहेंगे। इससे मौसम सुहाना होगा।

चक्रवाती तूफान को लेकर अंग एक्सप्रेस हावड़ा से ही लाैटी
चक्रवाती तूफान ‘तितली’ की वजह से बुधवार दोपहर 1:30 बजे भागलपुर से खुली भागलपुर-यशवंतपुर अंग एक्सप्रेस हावड़ा से ही लाैट गई। पूर्व रेलवे ने मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए अविलंब अंग एक्सप्रेस को हावड़ा में ही रोकने का निर्णय लिया। बताया जाता है कि हावड़ा स्टेशन पर इन यात्रियों को बेंगलुरु की यात्रा रद्द करने को कहा गया है। हावड़ा स्टेशन पर जारी संदेश में बताया गया कि तूफान का प्रभाव ओडिशा के हिस्से में व्यापक होने की सूचना मौसम विभाग ने दी है। ऐसे में जनहानि रोकने के लिए अंग एक्सप्रेस को हावड़ा से ही भागलपुर लौटा दिया गया है।


