नवगछिया/भागलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी जनसभा बुधवार को भागलपुर हवाई अड्डा मैदान में आयोजित की गई। सभा में एनडीए समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही लोगों का आना शुरू हो गया था और मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा।
Total Downloads: 375
इसी बीच सभा स्थल पर एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से आए प्रकाश मंडल नामक एक समर्थक अपने बकरे को गाड़ी में लेकर सभा में पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्हें अपने बकरे से बहुत लगाव है और वह चाहते थे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके बकरे को देखें।
प्रकाश मंडल ने कहा, “मैं मोदी जी का बहुत बड़ा समर्थक हूं। मेरा बकरा भी मेरी तरह मोदी जी को पसंद करता है। अगर प्रधानमंत्री जी इसे एक बार देख लें, तो यह मेरे लिए गर्व की बात होगी।”

सभा स्थल पर यह दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। कई दर्शक बकरे के साथ प्रकाश मंडल की तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए। पूरे मैदान में ‘मोदी-मोदी’ के नारों से माहौल पूरी तरह उत्साहित रहा।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर सारी तैयारियाँ पहले से पूरी कर ली गई थीं।
