अनुमंडल के सन्हौला प्रखंड के मदारगंज पंचायत के काझा घुटियानी चौक पर स्थापित तिलकामांझी की आदमकद प्रतिमा को शरारती तत्वों ने खंडित कर दिया। साथ ही चौक पर सड़क के किनारे वन विभाग की ओर से दो साल पहले लगाए गए, करीब 200 पौधों को उखा़ड़ कर फेंक दिया। बुधवार की देर रात शरारती तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया। सुबह जब लोगों ने खंडित प्रतिमा और काटे गए पौधों को देखा, तो उनका गुस्सा भड़क गया। गुस्साए आदिवासी समुदाय के लोगों ने गुरुवार को सुबह करीब 5:30 बजे एकचारी-हनवारा और काझा-कुसाहा सड़क को जाम कर दिया।

इससे पूरी तरह से आवागमन ठप हो गया। कुछ घंटे तक वहां तनाव की स्थिति बनी रही। आदिवासी समुदाय के लोगों ने डिग्गा बजाकर आसपास के करीब आधा दर्जन गांव के आदिवासी लोगों को बुलाकर शरारती तत्वों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। इसकी सूचना पर 4 थानों की पुलिस के साथ एसडीओ सुजय कुमार सिंह और एसडीपीओ एमके सुधांशु घटनास्थल पर पहुंचे। वहां मौके की नजाकत को देखते हुए एसडीओ ने लोगों से बात की। तब लोगों का गुस्सा शांत हुआ और दिन के करीब 11:30 बजे जाम और प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली।

घंटों बातचीत के बाद शांत हुआ मामला, सुबह 5:30 बजे लगा जाम 11:30 पर समाप्त हुआ
काझा घुटियानी चौक पर तिलकामांझी की प्रतिमा खंडित होने के बाद गुस्साए लोगों को समझाती पुलिस।
कहलगांव के सन्हौला प्रखंड के काझा घुटयानी चौक पर स्थापित तिलकामांझी की खंडित प्रतिमा। मौके पर जुटी भीड़।
शरारती तत्वों की पुलिस ने की पहचान, जल्द गिरफ्तारी का दावा

एसडीओ ने बताया कि खंडित प्रतिमा को ठीक करने के लिए मौके पर बालू, सीमेंट आदि मैटेरियल गिरा दिए गए हैं। ठीक होने के बाद फिर उसी जगह पर प्रतिमा को स्थापित किया जाएगा। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर, मामले की तहकीकात कर रही है। शरारती तत्वों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

लोगों ने की पुलिस चौकी बनाए जाने की मांग

प्रशासन से वार्ता के दौरान लोगों ने तत्काल पांच सूत्री मांग को पूरा करने का डिमांड रखा। शरारती तत्वों की गिरफ्तारी, पुलिस चौकी बनाने, तत्काल खंडित प्रतिमा को ठीक कराकर पुन: सम्मान पूर्वक स्थापित कराने, प्रतिमा स्थल पर शेड का निर्माण कराने और घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग की। एसडीओ ने शरारती तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी करने और खंडित प्रतिमा को ठीक कराकर पुन: स्थापित कराने का भरोसा जताया। बाकी डिमांड के लिए वरीय अफसरों से रायशुमारी करने का भरोसा जताया। वार्ता के दौरान आदिवासी समुदाय के प्रधान बोलो राम टूडू, मदारगंज पंचायत के पूर्व मुखिया बालकिशोर हासदा, ग्रामीण मोतीलाल हासदा, लालू सोरेन, पंचायत के वर्तमान मुखिया राजेश कुमार सिंह, देश प्रेम हेम्ब्रम, नीलवरन महतो, गीता देवी, श्याम सुंदर मंडल, मनोज कुमार मंडल, महेश प्रसाद मंडल, अजय कुमार महतो, सुरेश कुमार हेम्ब्रम, सरिता टूडू सहित काफी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग मौजूद थे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *