भागलपुर : होमगार्ड बहाली में सोमवार को भागलपुर और नवगछिया की 367 महिलाएं शामिल हुईं। बहाली के अंतिम दिन भागलपुर की 223 और नवगछिया पुलिस जिले की 144 महिलाएं शारीरिक परीक्षा और मेडिकल जांच के लिए पहुंचीं। भागलपुर की 750 और नवगछिया की 328 महिलाओं ने आवेदन दिया था। सोमवार को तेज धूप और गर्मी की वजह से न सिर्फ अभ्यर्थियों को बल्कि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को भी परेशानी हुई।
Total Downloads: 206
बहाली प्रक्रिया के दौरान दौड़ समन्वयक के साथ ही चार अभ्यर्थी भी मूर्छित हो गई थीं। समन्वयक को अस्पताल भेजा गया जबकि अभ्यर्थियों को मैदान में ही मेडिकल सुविधा उपलब्ध करा दी गई जिससे वे ठीक हो गईं। महिलाओं की बहाली को देखते हुए महिला पुलिस पदाधिकारी और जवानों की पर्याप्त संख्या में प्रतिनियुक्ति की गई थी।
रंगरा चौक के 183 सफल, फाइनल मेरिट भी हो रहा तैयार
होमगार्ड बहाली में शनिवार को शामिल हुए रंगरा चौक के औपबंधिक तौर पर सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। उस प्रखंड के 183 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। जिनमें पांच को मेडिकली अनफिट करार दिया गया है। होमगार्ड बहाली में शामिल सफल अभ्यर्थियों की औपबंधिक सूची बहाली के अगले ही दिन जारी कर दिया जा रहा है। होमगार्ड के जिला समादेष्टा त्रिलोकनाथ झा ने बताया कि फाइनल मेरिट बनाने का कार्य भी शुरू हो गया है।

उन्होंने बताया कि बुधवार की रात तक फाइनल लिस्ट तैयार कर ली जाएगी। बहाली में दौड़ में पास करना जरूरी है जबकि ऊंची, लंबी कूद और गोला फेंक के लिए पांच-पांच अंक प्रदान किये जा रहे थे। उन्हीं 15 अंकों में मेरिट बननी है। चार मई से बहाली प्रक्रिया शुरू हुई थी जो सोमवार को समाप्त हो गई। सोमवार को मारवाड़ी कॉलेज मैदान में प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद थे।
