मुंगेर में दरिंदे पति ने मायके से रुपये नहीं लाने पर पत्नी को तेजाब से नहला दिया। घटना उस समय की है जब जब पूरा शहर सो रहा था घटना में बुरी तरह झुलसी पत्नी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत स्थिर बतायी जा रही है।
Total Downloads: 386
रविवार अहले सुबह तीन बजे कोड़ा मैदान निवासी रामसेवक पोद्दार के पुत्र नीरज पोद्दार ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी मधु को नींद में तेजाब से नहला दिया। चीख-पुकार करने पर पति फरार हो गया। परिजन मधु को लेकर सदर अस्पताल गये। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी हरिशंकर कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी रोहित कुमार तथा कासिम बाजार थाना प्रभारी सदर अस्पताल पहुंचे। एएसपी ने पीड़िता का बयान दर्ज किया।
डाक्टर ने बताया कि पीड़िता का लगभग 40 प्रतिशत शरीर ऐसिड से प्रभावित हुआ है। मधु की मां ने बताया कि छह वर्ष पूर्व जून 2012 में बेटी की शादी नीरज पोद्दार से हुई थी। वह पूर्व में अगरबत्ती का व्यवसाय करता था। मगर कुछ दिन बाद ही वह अपना काम छोड़कर कासिम बाजार मस्जिद गली में संजय साह के मकान में किराए पर रहने लगा। मधु चौका बर्तन करने लगी। उससे जो कमाई होती है उससे परिवार का भरण पोषण करती है। मधु दो बेटे की मां है।

नीरज पत्नी पर मायके से दो लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था। पैसे नहीं मिलने पर वह हमेशा मधु के साथ मारपीट किया करता था। शनिवार की रात जब मधु ने अपने पति नीरज के हाथ मे चाकू देखा तो उसे थोड़ा भय हुआ। पूछने पर नीरज ने बात टाल दी और सो गया। सुबह तीन बजे उसने एसिड की पूरी बोतल सो रही मधु पर उड़ेल दिया। दर्द से चीखती मधु की आवाज जब परिजनों ने सुनी तो वे कमरे की तरफ दौड़े। जबतक परिजन कमरे में आए तब तक दरिंदा पति फरार हो चुका था।
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि दोनों हाथ, चेहरा, गर्दन आदि तेजाब से प्रभावित हुआ है। आंखों पर भी असर पड़ा है। नेत्र रोग विशेषज्ञ से आंख की जांच करायी जाएगी। फिलहाल हालत स्थिर है।

