मैट्रिक की परीक्षा में इस बार एक बेंच पर दो ही परीक्षार्थी बैठेंगे। काेराेना संक्रमण के बचाव के लिए एक बेंच से दूसरी के बीच में दूरी भी पर्याप्त रखी जाएगी। परीक्षा आयोजन के लिए किसी केंद्र पर यदि बेंच डेस्क की कमी होती है तो संबंधित प्रखंड के शिक्षा पदाधिकारी इसकी व्यवस्था करेंगे। अन्य विद्यालयों से भी बेंच डेस्क मंगवाई जाएंगी। केंद्रों पर परीक्षार्थियों को प्रवेश परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले तक मिलेगा। देर से आने पर उस पाली की परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे। पहली पाली में परीक्षा शुरू होने के समय 9.30 बजे से 10 मिनट पहले यानी 9.20 बजे तक तथा दूसरी पाली में 10 मिनट पहले यानी 1.35 बजे तक ही परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद आनेवाले परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा भवन में जूता-मोजा पहनकर आने पर रोक है। मैट्रिक की परीक्षा 17 से 24 फरवरी तक होगी।

आज से इंटरनल असेसमेंट और प्रैक्टिकल की परीक्षा

पटना| मैट्रिक में इंटरनल असेसमेंट, प्रैक्टिकल परीक्षा बुधवार से शुरू होगी। सोशल साइंस और साइंस में असेसमेंट होगा जबकि होम साइंस और म्यूजिक की परीक्षा ली जाएगी। इसके बाद प्रैक्टिकल होगा। बिहार बोर्ड ने प्रश्नपत्र और कॉपियां स्कूलों में भेज दी हैं। 20 से 22 जनवरी तक स्कूल अपने हिसाब से शेड्यूल बनाकर परीक्षाएं लेंगे। सोशल साइंस और साइंस में असेसमेंट का अंक बोर्ड को भेजा जाएगा, उसी आधार पर आगे की परीक्षाएं होंगी।

इंटर: प्रैक्टिकल समाप्त, 1 से सैद्धांतिक परीक्षा

इंटर परीक्षा का प्रैक्टिकल समाप्त हो चुका है। सैद्धांतिक परीक्षाएं 1 से 13 फरवरी तक होगी। इसके लिए जिलों में परीक्षा केंद्रों पर कॉपियां, ओएमआर शीट, उपस्थिति पत्रक, अनुपस्थिति पत्रक अादि भेजे जा रहे हैं। केंद्रों पर उपयोग के लिए पैकिंग सामग्री भी भेजी जा रही है।

हर 25 परीक्षार्थी पर एक वीक्षक की होगी तैनाती

मैट्रिक परीक्षा में सीट प्लानिंग पर कहा गया है कि परीक्षा कक्ष में एक रोल कोड के सभी परीक्षार्थी रोल नंबरवार आरोही क्रम में परीक्षा में बैठ सकें। जिससे कि उनके मुद्रित रोल नंबर वाली उत्तरपुस्तिका, ओएमआर शीट एवं उपस्थिति पत्रक के वितरण में परेशानी न हो। परीक्षा के बाद इन्हें इकट्ठा करने में दिक्कत नहीं होगी। छात्राओं के लिए अलग बैठने की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक 25 परीक्षार्थी पर एक वीक्षक के अनुपात में वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। परीक्षा हॉल में दो वीक्षक रहेंगे। इसके लिए महाविद्यालयों, प्लस 2 विद्यालय व माध्यमिक स्कूलों के साथ-साथ प्राथमिक व मध्य विद्यालय के शिक्षकों को भी वीक्षक प्रतिनियुक्त किया जाएगा। गेट पर महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मी या वीक्षक ही लेंगे। बिहार बोर्ड ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश भेजे हैं। कहा गया है कि केंद्राधीक्षक, वीक्षक एवं अन्य कर्मी व पदाधिकारी केंद्र पर सुबह 7 बजे पहुंचेंगे।

परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले केंद्र पर योगदान देंगे शिक्षक

प्रतिनियुक्त वीक्षक परीक्षा शुरू होने की तिथि के एक दिन पहले केंद्र पर योगदान करेंगे। केंद्राधीक्षक तय करेंगे कि कौन-से शिक्षक किस कमरे में प्रतिनियोजित होंगे। गैर शिक्षक एवं अन्य किसी कर्मचारी को वीक्षण कार्य में नहीं लगाया जाएगा। जिस विद्यालय के परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र से संबद्ध होंगे, उस विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों को वहां प्रतिनियुक्ति नहीं दी जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

deneme bonusu