नवगछिया : रंगदारी में दूध न देने पर बदमाशों ने नवगछिया के नदी थाना क्षेत्र के खगड़िया बहियार में खरीक के नीरज (19) पिता विलास मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी। वह खरीक के नया टोला भवनपुरा का रहने वाला था। गुरुवार रात पिता के साथ बहियार में बासा पर सो रहा था। बदमाशों ने नजदीक से एक गोली उसके सिर और दूसरी गोली गर्दन में मारी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुन पिता उठे, लेकिन तब तक नीरज की मौत हो चुकी थी। पिता ने गांव के कुख्यात मौसम यादव समेत 4 बादमशों और खरीक गणेशपुर के दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, 10 जनवरी को मकर संक्राति के लिए मौसम ने अपने साथियों के साथ रंगदारी में दूध मांगा था। कहा था, अपनी सभी 14 भैंसों का दूध दे देना। नहीं तो अंजाम को तैयार रहना। इस पर नीरज ने कहा था कि 2 किलो ही दूध दूंगा। थानेदार अशोक कुमार ने बताया, मौसम समेत 6 बदमाशों पर केस दर्ज किया है।

नीरज के घर में इसी माह दो खुशियों का उत्सव होने वाला था। पहला उत्सव नीरज की भागलपुर के अकबरनगर में शादी तय हो चुकी थी और एक सप्ताह बाद ही यानी 20 जनवरी को उसका तिलकोत्सव होने वाला था। जिसको लेकर उसके घर में चल रही तैयारियां को अंतिम रूप दिया जा रहा था। इसके अलावा शादी की भी तैयारियां शुरू कर दी गई थी। वहीं दूसरी खुशी यह कि मृतक नीरज जीबी काॅलेज नवगछिया का इंटर सेकेंड इयर का विज्ञान संकाय से छात्र था और अगले माह से शुरू होने वाले फाइनल इयर का परीक्षा में शामिल होता।

किन्तु, अपराधियों ने नीरज को इससे पूर्व ही मौत की नींद सुलाकर दोनों उत्सव के सपने को दफन कर दिया। जिसके कारण जहां कल तक तिलक की तैयारी चल रही थी। रिश्तेदारों को आने के लिए निमंत्रण भेजा रहा था। वहीं, सभी तैयारियां एक पल में मातम में बदल गई। मृतक के परिजनों के रोने से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। जानकारी के अनुसार मृतक के पिता बीते 20 वर्षों से खगड़िया बहियार में रहकर खेती-बारी करते आ रहे है और भैंस भी पालते है।

वर्तमान में उसने पास कुल 14 भैंस है। जिसका देखरेख मृतक के पिता अकेले ही करते हैं। जिसके कारण मृतक पढ़ाई के साथ-साथ समय निकालकर कभी-कभार बासा जाकर पिता सहयोग भी करता था। मृतक का बड़ा भाई बाहर रहकर मजदूरी करता है। मृतक पढ़ने में काफी तेज था। जिसके कारण पूरे परिवार को मृतक से काफी उम्मीद थी। वह पिता के काम में मदद भी किया करता था।

एसपी ने ली जानकरी, मौके से एक खोखा भी बरामद

मौके पर पहुंचे थानेदार अशोक कुमार ने मृतक के पिता से जानकारी ली। पिता ने बदमाश मौसम समेत 4 अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। नवगछिया के एसपी एसके सरोज ने भी मामले की जानकारी ली।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *