नवगछिया : विक्रमशिला सेतु और संपर्क पथ पर गुरूवार को भी भीषण जाम लगा रहा. सुबह से लेकर दोपहर तक लोग दो से तीन घंटे में भागलपुर पहुंच जा रहे थे लेकिन देर शाम से जाम की स्थिति भयावह हो गयी. चार घंटे से कई वाहन जाम में फंसे थे. जाम में कई दुल्हों और बारातियों के वाहन भी फंसे दिखे तो दूसरी तरफ पुल की रैलिंग होते हुए भी पैदल पुल पार करने वालों की संख्या काफी अत्यधिक थे. देर रात तक जाह्नवी चौक पर कई यात्री फंसे हुए थे. ऐसे यात्री पुल को पैदल पार कर जाह्नवी चौक तो पहुंच गये थे लेकिन यहां से नवगछिया के लिए वाहन उपलब्ध नहीं थे. यात्री वाहनों के इंतजार में कई घंटों से बैठे हुए थे. जाम का कारण विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का अत्यधिक परिचालन बताया जा रहा है.
भाजपा जिलाध्यक्ष चार घंटे से जाम में फंसे थे
भाजपा के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल गुरूवार को भागलपुर से नवगछिया आ रहे थे. उनका वाहन पुल पर चढ़ते ही जाम की जद में आ गया. रात्रि नौ बजे उन्होंने फोन करके बताया कि चार घंटे में उनका वाहन महज आधा किलोमीटर आगे बढ़ पाया है. विनोद कुमार मंडल ने कहा कि जाम की समस्या भयावह हो चुकी है. मौके से ही जिलाध्यक्ष ने भागलपुर के एसएसपी आशीष भारती से फोन पर बात कर जाम का तात्कालिक निदान करने की मांग की है. जिलाध्यक्ष ने कहा कि अब स्थिति विस्फोटक है. वे ममाले पर प्रदेश के नेताओं से संपर्क करेंगे.

दुल्हे को जाना था पूर्णियां, नौ बजे रात तक बीच पुल पर फंसे थे
इन दिनों शादियों का मौसम है. लिहाजा विक्रमशिला सेतु पर दुल्हे के साथ कई बारात वाहन जाम में फंसे थे. पूर्णियां जा रहे एक दुल्हे के बारात में शामिल लोगों ने कहा कि यहां वाहन टस से मस नहीं हो रहा है तो दूसरी तरफ लड़की वाले फोन पर फोन कर रहे हैं. स्थिति देख कर लग रहा है कि अगर आज रात वे लोग पूर्णियां पहुंच जायें तो यही बड़ी बात होगी.
आम लोग थे खास्ता हाल
नवगछिया के संतोष गुप्ता एक निजी वाहन से बांका एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. वे घर से तीन बजे निकले थे लेकिन शाम सात बजे तक वे जाम में ही फंसे हुए थे. ढोलबज्जा के प्रशांत कुमार कन्हैया के लिए भी गुरूवार को भागलपुर से नवगछिया आना बुरा अनुभव रहा. प्रशांत ने बताया कि उसे भागलपुर से नवगछिया आने में सात घंटे का समय लगा. सरकार और प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए.
नवगछिया बाजार में भी हाहाकारी स्थिति, नो इंट्री का पालन नहीं करते हैं बड़े वाहन
नवगछिया बाजार स्टेशन रोड पर गुरूवार को जाम की स्थिति हाहाकारी रही. नवगछिया स्टेशन रोड पर सुबह दस बजे से शाम सात बजे तक भयानक जाम लगा रहा. लोग पांच मिनट का रास्ता एक घंटे में तय कर रहे थे. जाम लगने का कारण अतिक्रमण तो हैं ही लेकिन गुरूवार को देखा गया कि बाजार में नो इंट्री रहने के बावजूद स्टेशन रोड में करीब दस से अधिक पीक अप माल को लोड अनलोड कर रहे थे. इस कारण दिन भर लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ा. मालूम हो कि नवगछिया बाजार में दिन भर ऑटो रिक्शा, ई रिक्शा समेत बड़े वाहनों के प्रवेश करने में मनाही है लेकिन इसका पालन नहीं के बराबर हो रहा है.


