भागलपुर से हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में एक बार फिर से पहल तेज हाे गई है। इसके लिए सांसद अजय मंडल ने शुक्रवार को केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। इस दाैरान भागलपुर से हवाई सेवा शुरू करने के लिए मांगाें से संबंधित ज्ञापन सौंपा। सांसद ने मंत्री से कहा कि भागलपुर जिला पूर्व बिहार का पुराना और बड़ा कमिश्नरी है।
Total Downloads: 102
भागलपुर का गौरवशाली इतिहास रहा है। भागलपुर की पहचान विक्रमशिला विश्वविद्यालय, कृषि विश्वविद्यालय, तिलकामांझी विश्वविद्यालय के साथ सिल्क उद्योग, सूचना एवं प्रौद्योगिकी संस्थान है। भागलपुर जिला बिहार झारखंड की सीमा पर स्थित है। हर छोटे शहर को हवाई सेवा से जोड़ा जा रहा है। भागलपुर में यह मुद्दा वर्षों से कागज पर पेंडिंग है। जबकि भागलपुर में हवाई सेवा के लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध है। भागलपुर से सिल्क का कारोबार सूरत, बंग्लुरू समेत कई राज्यों और विदेश में आयात निर्यात होते हैं। व्यवसायी को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
हवाई सेवा नहीं रहने से भागलपुर के व्यवसाय का निर्यात भी काफी प्रभावित होता है। इससे विदेशों और अन्य राज्यों के व्यवसायी भागलपुर नहीं पहुंच पाते हैं। हवाई सेवा शुरू करने के लिए कई बार भागलपुर के काराेबारियाें ने आंदोलन किया, सरकार से आश्वासन भी मिला। लेकिन केवल झूठा सांत्वना मिला। आज तक हवाई सेवा राजनीति का शिकार बनकर रह गई है।

उन्होंने नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से कहा कि हवाई सेवा नए साल में भागलपुर वासियों को तोहफा दें, ताकि भागलपुर का चौमुखी विकास हो सके। सांसद ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया है कि नए साल में केंद्रीय टीम भागलपुर हवाई सेवा के लिए जमीन का सर्वे करेगी और भागलपुर से हवाई सेवा शुरू होगी।
