नवगछिया : नवगछिया में गुड्डू शर्मा की हत्या की घटना का 24 घंटे में खुलासा हो गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। आज एसपी प्रेरणा कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि हत्या का कारण आपसी रंजिश थी, जिसमें गुड्डू के सीने में गोली लगी और उसकी मौत हो गई।
Total Downloads: 166
घटना के बाद परिजनों ने भवानीपुर थाना में लिखित शिकायत की थी, जिसमें उन्होंने बताया कि आरोपी अक्सर रात में हंगामा करते थे और मना करने पर उनके घर में घुसकर फायरिंग की। गुड्डू के सीने में लगी गोली के कारण उसकी जान चली गई। एसपी ने कहा कि पुलिस ने शिकायत के बाद लगातार छापेमारी की और तीनों आरोपियों को पकड़ा।
मुन्ना कुमार को सबौर से और गोपाल व सनी को मधेपुरा के रतवारा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।

