नवगछिया : महिला सशक्तीकरण और शहर के विकास की दिशा में नवगछिया नगर परिषद ने महिला दिवस के अवसर पर कई महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं. सभापति प्रीति देवी के सकारात्मक प्रयासों से अनुमंडल का पहला पार्क बन कर तैयार हो गया है. जिसका नामकरण ऐतिहासिक नारी शक्ति की प्रतीक ‘सती बिहुला’ के नाम पर ‘बिहुला पार्क’ किया गया है. जल्द ही इसका भव्य उद्घाटन किया जाएगा. जिससे शहरवासियों को एक सुंदर और हरियाली से भरपूर सार्वजनिक स्थल मिलेगा.

इसके साथ ही महिलाओं के लिए नवगछिया नगर परिषद द्वारा दो ‘पिंक टॉयलेट’ का निर्माण अंतिम चरण में है. यह टॉयलेट विशेष रूप से महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाये जा रहे हैं.इसके अलावा छात्राओं के स्वास्थ्य और सुविधा के मद्देनजर नवगछिया के मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय में निशुल्क शुद्ध पेयजल एटीएम की शुरुआत की गयी है. इस पहल से छात्राओं को अब हर समय स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध होगा. नगर परिषद की ये नई सौगातें महिलाओं और छात्राओं को सुविधा देंगी. सभापति प्रतिनिधि प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव ने बताया कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह सिर्फ एक शुरुआत है, भविष्य में भी महिलाओं और छात्राओं के लिए नई योजनाएं लायी जाएंगी.

कॉलेजों और स्कूलों में हरियाली की पहल

शिक्षण संस्थानों के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी नगर परिषद ने बड़ा कदम उठाया है. मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय में अन्य भवनों तक पहुंच को सुगम बनाने के लिए नए सड़क मार्गों का निर्माण किया जाएगा. वहीं, रूंगटा बालिका विद्यालय और बाल भारती विद्यालय के आसपास हरियाली बढ़ाने के लिए छोटे-छोटे पौधे लगाने की योजना भी बनाई गई है.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....