नवगछिया | बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत शुक्रवार को नामांकन के पांचवे दिन नवगछिया अनुमंडल कार्यालय में जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे परिसर में चुनावी माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से जदयू नेता श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने बड़े ही शुभ समय, अर्थात विजय मुहूर्त में अपना नामांकन दाखिल किया।
Total Downloads: 165
नामांकन के दौरान अनुमंडल कार्यालय परिसर में हजारों समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। बुलो मंडल जैसे ही नामांकन कक्ष से बाहर निकले, समर्थकों ने “शैलेश कुमार जिंदाबाद”, “गोपालपुर का सपूत, जनता का भरोसा” जैसे नारों से पूरा माहौल गुंजायमान कर दिया। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया और विजय की शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से ही संजीव कुमार उर्फ मोदी यादव ने भी अपना नामांकन पत्र भरा। नामांकन के दौरान उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। वे क्षेत्र के विकास और युवाओं के रोजगार को लेकर चुनाव मैदान में उतरे हैं। वहीं राजीव कुमार सिंह ने निर्दलीय उम्मीवार के रूप में अपना नामांकन किया |

वहीं दूसरी ओर, 152 बिहपुर विधानसभा क्षेत्र से पवन कुमार चौधरी ने जन स्वराज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन किया। उनके समर्थकों ने भी पूरे जोश और नारेबाजी के साथ अनुमंडल परिसर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
नामांकन के समय अनुमंडल प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। अनुमंडल पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नामांकन के दौरान पूरे अनुमंडल क्षेत्र में चुनावी माहौल और उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में बैनर, पोस्टर और झंडे के साथ रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।
