नवगछिया। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में शनिवार को नामांकन के छठे दिन राजनीतिक माहौल काफी गर्म दिखाई दिया। अनुमंडल कार्यालय परिसर समर्थकों की नारों से गूंज उठा जब वर्तमान विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ़ गोपाल मंडल ने भारी समर्थक जुलूस के साथ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
Total Downloads: 165
नामांकन के समय गोपाल मंडल समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच अनुमंडल कार्यालय का परिसर जश्न के माहौल में तब्दील हो गया। विधायक के समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और ‘गोपाल मंडल जिंदाबाद’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस क्रम में 153 गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से नवगछिया प्रखंड प्रमुख मनकेश्वर सिंह उर्फ़ मंटू सिंह ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र भरा। मंटू सिंह के समर्थक भी जोश में नजर आए और अनुमंडल परिसर में शक्ति प्रदर्शन किया।

वहीं, एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी प्रिंस कुमार झा ने भी गोपालपुर विधानसभा से नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे क्षेत्र के विकास को अपनी पहली प्राथमिकता बनाएंगे।
दूसरी ओर, 152 वीरपुर विधानसभा क्षेत्र से भी दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल किए। दिनभर नामांकन को लेकर अनुमंडल कार्यालय में रौनक बनी रही। उम्मीदवारों के समर्थकों, वाहन जुलूसों और नारों की आवाज़ से पूरा परिसर दिनभर जीवंत बना रहा।
नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई।
153 गोपालपुर विधानसभा के लिए निर्वाचन पदाधिकारी आईएएस अधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह ने नामांकन लिए, जबकि 152 बिहपुर विधानसभा के लिए भूमि सुधार पदाधिकारी ने उम्मीदवारों का नामांकन पत्र स्वीकार किया।
