बिहपुर। क्षेत्र में ब्राउन शुगर और स्मैक जैसे सूखे नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिससे स्थानीय लोग चिंतित हैं। हाल ही में बिहपुर पुलिस ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को प्रतिबंधित नशे के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक डॉक्टर का शामिल होना इस नेटवर्क की गहराई और व्हाइट कॉलर लोगों की संलिप्तता को दर्शाता है।

शनिवार को एसपी प्रेरणा कुमार के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने पावर सब स्टेशन के पास छापेमारी कर तस्करों को पकड़ा। पकड़ी गई गाड़ी बभनगामा के एक व्यक्ति की बताई जा रही है। गिरफ्तार डॉक्टर पूर्णिया जिले के भट्ठा बाजार वार्ड 22 निवासी डॉ. आलोक कुमार हैं, जो रेलवे अस्पताल में सीएमपी के रूप में कार्यरत थे। पुलिस पहले से ही उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह अवैध धंधा जिला स्तर से आगे राज्य स्तर तक फैला हुआ है। बभनगामा और सोनवर्षा क्षेत्र में कुछ तस्करों ने सप्लाई सेंटर बना रखे हैं, जहां से नशे की खेप विभिन्न इलाकों में भेजी जाती है।

बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और बैंकिंग लेन-देन, कॉल डिटेल सहित कई तकनीकी पहलुओं पर गहराई से जांच हो रही है। पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर आगे और कार्रवाई की जाएगी।

पिछली बड़ी कार्रवाई

18 अगस्त को भी बिहपुर पुलिस ने दो किलो ब्राउन शुगर, दो महिला तस्करों और एक चालक को एसयूवी वाहन के साथ गिरफ्तार किया था। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय कीमत करोड़ों में आंकी गई थी।

स्थानीय सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने और युवाओं को जागरूक करने की मांग की है, ताकि सूखे नशे का बढ़ता प्रभाव रोका जा सके।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *