नवगछिया : बेगूसराय जिले के गोविंदपुर निवासी आनंद कुमार (24), पिता पप्पू सहनी और बरियारपुर निवासी साक्षी कुमारी (23), पिता विवेकानंद सहनी ने बुधवार को खरीक थाना परिसर में सात फेरे लेकर विवाह कर लिया। इससे पहले दोनों खरीक चौक पर आपस में बकझक कर रहे थे।
Total Downloads: 165
इसी दौरान वहां से गुजर रही डायल-112 की पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर दोनों को थाना ले आई। थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने पूछताछ की। युवती ने बताया कि दोनों के बीच सात साल से प्रेम संबंध है। वह पिछले पांच महीने से अपने माता-पिता के पास बेंगलुरू में रह रही थी। आनंद ने शादी का आश्वासन देकर 9 हजार रुपये भेजे और खगड़िया बुलाया। साक्षी फ्लाइट से पटना और फिर ट्रेन से खगड़िया पहुंची। शादी के लिए भागलपुर जाते समय खरीक में आनंद ने टालमटोल शुरू कर दी, जिससे दोनों में कहासुनी हो गई।
पुलिस ने दोनों को समझाया और परिजनों को भी थाना बुलाया। आपसी सहमति बनने के बाद थाना परिसर स्थित बजरंगबली मंदिर में विधि-विधान से दोनों का विवाह कराया गया। मौजूद पुलिसकर्मियों ने नवदम्पती को आशीर्वाद दिया। विवाह के बाद साक्षी, आनंद के साथ उसके घर चली गई। बताया गया कि युवक-युवती रिश्ते में ममेरे भाई-बहन हैं।

