नवगछिया में सरस्वती पूजा एवं गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवगछिया एसडीओ रोहित कर्दम ने की। बैठक में पुलिस अनुमंडल नवगछिया अंतर्गत सभी थानों के थाना प्रभारी, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Total Downloads: 173
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने सरस्वती पूजा विसर्जन के समय गंगा घाटों पर गोताखोरों की तैनाती की मांग रखी। इसके साथ ही नवगछिया बाजार क्षेत्र में अंडरएज एवं बिना लाइसेंस टोटो चालकों पर सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की गई, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
एसडीओ रोहित कर्दम ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरस्वती पूजा और गणतंत्र दिवस के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी पूजा पंडाल में डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। यदि कहीं डीजे बजते पाए गए तो संबंधित पंडाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए डीजे जब्त किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पूजा, विसर्जन एवं राष्ट्रीय पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
