नवगछिया। मानसून के आगमन से पहले बाढ़ और कटाव से बचाव के लिए चल रहे कार्यों को लेकर भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने सोमवार को नवगछिया बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अंतर्गत विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इस्माइलपुर-बिंदटोली से काजिकोरिया-राघोपुर बांध तक हो रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने इस्माइलपुर-बिंदटोली तटबंध के स्पूर-7 और स्पूर-8 के बीच चल रहे मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। साथ ही स्पूर-8 और 9 के बीच प्रस्तावित जीर्णोद्धार कार्यों तथा पुराने और नए संरचनाओं के बीच सुरक्षा इंतजामों की भी गहन समीक्षा की।

इसके अलावा, गंगा के बाएं किनारे स्थित काजिकोरिया-राघोपुर सीमांत बांध पर पहुंचकर सांसद ने नोज-सी, डी-नोज, ई-नोज और महादेवपुर घाट के निचले हिस्सों में चल रहे कटाव रोधी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून से पहले सभी संवेदनशील स्थानों पर कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए, ताकि हर वर्ष आने वाली बाढ़ और कटाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

सांसद ने अधिकारियों को नियमित प्रगति रिपोर्ट देने और स्वयं स्थल पर मौजूद रहकर निगरानी करने का भी निर्देश दिया। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने सांसद की सक्रियता पर संतोष जताते हुए उम्मीद जताई है कि इस बार समय पर सुरक्षा कार्य पूरे होंगे और क्षेत्र को बाढ़ की मार से राहत मिलेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....