भागलपुर। क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु पर तीसरे बेली ब्रिज का निर्माण कार्य बुधवार से शुरू हो गया। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम युद्धस्तर पर निर्माण कार्य में जुटी हुई है। अधिकारियों का दावा है कि मई माह के अंत तक तीसरे बेली ब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 मीटर लंबे तीसरे बेली ब्रिज के निर्माण के लिए इंजीनियरों और मजदूरों की टीम लगातार काम कर रही है। बीच-बीच में आंधी और बारिश के कारण काम प्रभावित हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। बुधवार को दूसरे बेली ब्रिज की लॉन्चिंग का कार्य भी पूरा कर लिया गया।
बीआरओ की टीम ने रैंप निर्माण, प्लेट संयोजन, फिटिंग और तकनीकी परीक्षण का कार्य भी पूरा कर लिया है। अब वर्तमान बेली ब्रिज से भागलपुर की ओर दूसरे 24 मीटर लंबे बेली ब्रिज को तैयार किया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, तीसरे बेली ब्रिज के तैयार होने के बाद तकनीकी जांच और वाहनों का ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल सफल रहने पर जून के पहले सप्ताह में छोटी गाड़ियों के परिचालन की अनुमति दी जा सकती है। वहीं भारी वाहनों के संचालन पर निर्णय भार क्षमता परीक्षण और तकनीकी मूल्यांकन के बाद लिया जाएगा।
विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर, नवगछिया और आसपास के जिलों के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जून के पहले सप्ताह में आवागमन बहाल होने की संभावना से लोगों में राहत की उम्मीद जगी है।

