पटना: खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। कोचिंग संस्थान में हुई फायरिंग की घटना और पुलिस कार्रवाई के बीच अब उनके परिवार के सदस्यों ने भी उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं फायर सेफ्टी मानकों को लेकर भी संस्थान जांच के दायरे में है।
खान सर के चाचा निसार अहमद ने उनकी शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि उनके पास कोई विशेष शैक्षणिक योग्यता नहीं है और उनकी डिग्रियां फर्जी हैं। उन्होंने कहा कि खान सर अपनी बोलने की क्षमता के बल पर आजीविका चला रहे हैं। इससे पहले उनके एक अन्य चाचा मोहम्मद इमरान भी सार्वजनिक रूप से उनके खिलाफ बयान दे चुके हैं। इमरान ने खान सर को “शिक्षा माफिया” बताते हुए छात्रों को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
इधर, खान ग्लोबल स्टडीज में फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सख्त हो गया है। बिहार फायर सर्विस ने संस्थान को पहले ही नोटिस जारी किया था। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कई कमियां पाई गई हैं और निर्धारित समय तक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

फायरिंग मामले में खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उनके वकील अरविंद महुआर ने कहा है कि खान सर आत्मसमर्पण नहीं करेंगे और गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत याचिका दायर की जाएगी। वकील का दावा है कि उनके मुवक्किल का फायरिंग की घटना से कोई सीधा संबंध नहीं है।
गौरतलब है कि 2 जून की रात पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर के बाहर हुए विवाद के दौरान सुरक्षा गार्डों द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो सामने आया था। मामले में पुलिस दोनों सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है तथा खान सर से भी पूछताछ कर चुकी है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने कोचिंग संस्थान के बाहर पहुंचकर खान सर के समर्थन में नारेबाजी की थी। वहीं पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के बहकावे में न आएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
इस बीच खान सर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे छात्रों को घटना की जानकारी देते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके सुरक्षा गार्डों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की थी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि उनका संस्थान बंद होता है तो अन्य कोचिंग संस्थानों की फीस में भारी बढ़ोतरी हो सकती है।

