भागलपुर में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। दोपहर बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। हालांकि तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में पेड़ गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान रहे तथा बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल देखी गई। दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और ठंडी हवाओं के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली।
बारिश का आनंद लेने के लिए बच्चे, युवा और बुजुर्ग घरों से बाहर निकल आए। पार्कों, गलियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोग बारिश का लुत्फ उठाते नजर आए। लंबे समय से गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी।

किसानों ने भी इस बारिश का स्वागत किया है। उनका कहना है कि बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और खरीफ फसलों की तैयारी में मदद मिलेगी। इसे खेती के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है।
वहीं तेज हवाओं के चलते 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन में फॉल्ट आने से जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। विद्युत विभाग की टीम फॉल्ट को दूर करने में जुटी हुई है। अधिकारियों ने जल्द ही आपूर्ति सामान्य करने का भरोसा दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है तथा जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। फिलहाल बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत देकर मौसम को खुशनुमा बना दिया है।

