खरीक रेलवे गुमटी के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दूसरा बाइक सवार मौके से फरार
Total Downloads: 270
नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक इंटर के छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान बभनपुर गांव निवासी सुभाष मंडल के 18 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार के रूप में हुई है। हादसा खरीक रेलवे गुमटी के पीछे भोला बाबा मंदिर के समीप हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
परिजनों के अनुसार, गुलशन कुमार शनिवार रात बाइक से मुर्गा खरीदने जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से गंभीर रूप से घायल गुलशन को पहले तेलघी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल से सूचना मिलने पर परिजन मायागंज अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने युवक का इलाज शुरू किया, लेकिन सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के चाचा भूषण मंडल ने बताया कि हादसे के बाद दूसरी बाइक सवार घटनास्थल से भाग निकला। उन्होंने कहा कि गुलशन पढ़ाई करता था और इंटर का छात्र था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार बाइक सवार की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
