नवगछिया: गोपालपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंगा कटाव से विस्थापित महिला की मौत हो गई। गोपालपुर पेट्रोल पंप के समीप सड़क पार करने के दौरान एक टोटो की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोपालपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान बुद्धूचक निवासी फगुनी देवी (पति- ब्रह्मदेव सिंह) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार टोटो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, फगुनी देवी गंगा कटाव की पीड़ित थीं। कटाव में उनका घर-द्वार बह जाने के बाद कुछ माह पहले ही उन्होंने गोपालपुर के मुस्लिम टोला के निकट नया टोला बुद्धूचक में जमीन खरीदकर नया घर बनाया था और परिवार के साथ वहीं रह रही थीं।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताते हुए प्रशासन से यातायात व्यवस्था को और सुरक्षित बनाने की मांग की है।

