नवगछिया। नवगछिया क्षेत्र में गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि पिछले 24 घंटों में जलस्तर में मामूली वृद्धि हुई है, लेकिन कई स्थानों पर नदी का पानी चेतावनी स्तर के करीब पहुंचने के कारण सिंचाई विभाग ने तटबंधों की निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। विभाग का कहना है कि फिलहाल किसी तटबंध पर खतरे जैसी स्थिति नहीं है।

सिंचाई विभाग के अनुसार इस्माईलपुर-बिंद टोली में गंगा नदी का जलस्तर 2 सेंटीमीटर बढ़कर 26.00 मीटर दर्ज किया गया है। यह तटबंध राज्य के संवेदनशील तटबंधों में शामिल है, इसलिए मुख्यालय स्तर से इसकी लगातार निगरानी की जा रही है। अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता भी समय-समय पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

वहीं रंगरा चौक प्रखंड के मदरौनी में कोसी नदी का जलस्तर भी 2 सेंटीमीटर बढ़कर 27.08 मीटर पहुंच गया है। इस क्षेत्र में तटबंध नहीं होने के कारण जलस्तर में और वृद्धि होने पर सधुआ, चापर सहित कई गांवों में पानी फैलने की आशंका बनी हुई है।

इधर, खरीक प्रखंड के चोरहर में कोसी नदी का जलस्तर 28.85 मीटर पर स्थिर बना हुआ है।

कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि सभी तटबंधों पर चौकसी बढ़ा दी गई है। संभावित बाढ़ या कटाव की स्थिति से निपटने के लिए फ्लड फाइटिंग सामग्री और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कर ली गई है। विभाग लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहा है और हालात पर पूरी नजर बनाए हुए है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....