एसडीपीओ अनिकेत अमर के नेतृत्व में शहरभर में निकाला गया मार्च, लोगों से अफवाहों से बचने की अपील
Total Downloads: 44
नवगछिया: बिहार में नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी छात्र आंदोलन के मद्देनजर नवगछिया पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। संभावित प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को एसडीपीओ अनिकेत अमर के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च की शुरुआत नवगछिया थाना परिसर से हुई। इसके बाद पुलिस दल अनुमंडल अस्पताल चौक, गौशाला चौक, महाराज जी चौक, वैशाली चौक, स्टेशन रोड, मिल टोला, एसपी कोठी होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के रास्ते तेतरी तक पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया।

मार्च में नवगछिया सर्किल इंस्पेक्टर श्याम नंदन यादव, थाना की गश्ती टीम तथा 60 से अधिक पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस बल ने अनुशासित तरीके से मार्च करते हुए आम लोगों को सुरक्षा और शांति का संदेश दिया। साथ ही लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में चल रहे छात्र आंदोलन को देखते हुए नवगछिया में एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। फिलहाल नवगछिया में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।
