नवगछिया: रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अजय ढाबा के समीप यात्रियों से भरी कोहेनूर बस और एक इनोवा कार की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। हालांकि, एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कोहेनूर यात्री बस सिलिगुड़ी की ओर जा रही थी। इसी दौरान अजय ढाबा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। समाचार लिखे जाने तक मृतक और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एनएच-31 पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

रंगरा थाना पुलिस ने बताया कि मृतक और घायल के परिजनों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच भी शुरू कर दी गई है।नवगछिया: नवगछिया ट्रैफिक थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर अजय ढाबा के समीप रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), असम से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए 60 वर्षीय शंकर कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनकी 25 वर्षीय बेटी डॉ. शालू कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

जानकारी के अनुसार, शंकर कुमार अपने ससुर के दशकर्म में शामिल होने के लिए परिवार के साथ महादेवपुर जा रहे थे। परिवार दो वाहनों से यात्रा कर रहा था। आगे चल रही बोलेरो में उनकी पत्नी और पुत्र सवार थे, जबकि शंकर कुमार अपनी होंडा सिटी कार चला रहे थे। उनके साथ उनकी बेटी डॉ. शालू कुमारी भी थीं, जो वर्तमान में एमएस की पढ़ाई कर रही हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कोहिनूर बस ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शंकर कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं डॉ. शालू कुमारी कार के भीतर बुरी तरह फंस गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायल डॉ. शालू कुमारी को कार से बाहर निकालकर नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया ट्रैफिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कोहिनूर बस को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।

नवगछिया ट्रैफिक थाना प्रभारी सुजीत कुमार वारसी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के आवेदन मिलने के बाद संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों ने बताया कि शंकर कुमार 31 जुलाई को ही इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, असम से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के महज दो दिन बाद ही पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। इस घटना से परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों में गहरा शोक व्याप्त है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *