नवगछिया के चापर दियारा में कलबलिया धार से मिला युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस

नवगछिया।  रंगरा थाना क्षेत्र के चापर दियारा स्थित कलबलिया धार से गुरुवार को करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर रंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। शव मिलने की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

पानी में लंबे समय तक रहने के कारण शव फूल गया था, जिससे मृतक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।

रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार ने बताया कि शव की पहचान के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है। साथ ही क्षेत्र से लापता लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि परिजन या परिचित पहुंचकर पहचान कर सकें। फिलहाल युवक की मौत कैसे हुई और शव कलबलिया धार तक कैसे पहुंचा, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *