नवगछिया : नगरह के जोनिया निवासी पंसस पति सुनील शर्मा के हत्याकांड के दूसरे दिन ही हत्याकांड के अनसुलझे रहस्य परत दर परत खुलने लगे हैं. पुलिस ने भी इस मामले के अनुसंधान में तह तक पहुंचने का दावा किया है. सुनील शर्मा के परिजनों ने कहा कि सुनील की हत्या में नीलम मुख्य सूत्रधार का काम कर रही थी. परिजनों ने पुलिस को भी बताया है कि नीलम देवी की जमीन भवानीपुर में है. इन दिनों नीलम अपना जमीन बेचना चाह रही थी. लेकिन अपराधियों ने उक्त जमीन पर कब्जा कर लिया. इसके बाद अपराधियों की ओर से प्रस्ताव दिया गया कि अगर वह सुनील शर्मा की हत्या करा देती है तो उसे जमीन बेचने दिया जायेगा. इसके बाद नीलम देवी षड्यंत्र में जुट गयी और आखिरकार सुनील शर्मा की हत्या करा दी.
Total Downloads: 116
परिजनों ने कहा कि सुनील की हत्या के समय कई प्रत्यक्षर्शी स्थल पर मौजूद थे. बात सामने आ रही है कि सुनील मोटरसाइकिल से आगनबाड़ी केंद्र की साहायिका नीलम देवी के साथ घर लौट रहा था. जब गांव एक किलोमीटर ही दूर था तो नीलम ने सुनील शर्मा को लघुशंका का बहाना बना कर रूकने को कहा. सुनील ने मोटरसाइकिल रोक दी और नीलम सड़क के किनारे बैठ गयी. महज 15 सेकेंड भी नहीं गुजरे होंगे कि तीन अपराधियों ने सुनील पर हमला बोल दिया.

कहा जा रहा है कि सुनील को अपराधियों की पहली गोली ही लग गयी थी और वह अपनी जान बचाने के लिए भागने लगा था. तभी अपराधियों ने सुनील को दूसरी गोली मार दी. इसके बाद सुनील धरती पर गिर गया. इस दौड़ान नीलम सुनील के पास गयी और अपराधियों से बोली कि अभी यह मरा नहीं है. अगर इसे छोड़ दोगे तो यह काल बन जायेगा.
इसके बाद अपराधियों ने सुनील के पास आ कर उसे आंख में सटा कर गोली मार दी, जिससे सुनील की मौत मौके पर ही हो गयी थी. सुनील के परिजनों का कहना है कि नीलम घटना के बाद अनभिज्ञ होने का नाटक कर रही थी. जबकि पूरे मामले के तह में वह खुद थी. यह बात भी सामने आ रही है कि अपराधियों के इरादे को भांप कर सुनील भागना चाह रहा था लेकिन एक ऑटो चालक ने सामने से सुनील का रास्ता रोक लिया था.

