जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सोमवार को हुई मुठभेड़ में एक मेजर समेत सेना के चार जवान शहीद हो गए और जैश ए मोहम्मद के एक कमांडर सहित दो आतंकवादी ढेर हो गए। इस मुठभेड़ में एक आम नागरिक की भी मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भाषा के अनुसार, यह मुठभेड़ पुलवामा के पिंगलान इलाके में हुई। इस जगह से करीब 12 किलोमीटर दूरी पर 14 फरवरी को एक आत्मघाती हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस आतंकवादी हमले की जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली है।

अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में सेना के चार जवान शहीद हो गए। इस दौरान जैश ए मोहम्मद के दो आतंकवादी मारे गए और एक आम नागरिक की भी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मारे गए एक आतंकवादी की पहचान कामरान के रूप में की गई है जो एक पाकिस्तानी नागरिक और जैश का शीर्ष कमांडर था। दूसरे आतंकवादी की पहचान स्थानीय नागरिक हिलाल अहमद के रूप में की गई है। उसका संबंध भी जैश-ए-मोहम्मद से था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, जांचकर्ता सीआरपीएफ के काफिले पर 14 फरवरी को हुए आत्मघाती हमले में कामरान की भूमिका की जांच कर रहे हैं। इस मुठभेड़ में मेजर वी एस ढोंडियाल, हवलदार एस राम और सिपाही हरि सिंह एवं अजय कुमार शहीद हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों को इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने रात में इलाके की घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *