नई दिल्ली. तेल-गैस नियामक पीएनजीआरबी ने शहरों में घरों में पाइप से रसोई गैस वितरण के लाइसेंस के लिए 10वें दौर की नीलामी के विजेताओं का ऐलान कर दिया है। सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल (आईओसी) को 10 शहरों के लिए जबकि एचपीसीएल को नौ शहरों में गैस की खुदरा बिक्री के लिए लाइसेंस पाने में सफलता मिली है।
Total Downloads: 182
इस दौर की नीलामी में 50 भौगोलिक क्षेत्र शामिल थे। लाइसेंस भौगोलिक क्षेत्र के हिसाब से दिए जाते हैं। एक भोगौलिक क्षेत्र में कई शहर हो सकते हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के मुताबिक आईओसी ने नौ शहरों में अकेले, जबकि एक शहर में अदाणी गैस के साथ मिलकर लाइसेंस प्राप्त किया है। इनमें बिहार के 21 और झारखंड के 6 शहर शामिल हैं।

सरकारी कंपनी ओएनजीसी की सब्सिडियरी एचपीसीएल को यूपी और पश्चिम बंगाल के नौ शहरों में सीएनजी और घरों में पाइप के जरिए प्राकृतिक गैस की खुदरा बिक्री का लाइसेंस मिला है। एलएनजी मार्केटिंग प्रा.लि. और अटलांटिक गल्फ एंड पैसिफिक कंपनी ऑफ मनाली इंक के कंसोर्टियम को आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल के नौ शहरों का लाइसेंस मिला है। गुजरात गैस लिमिटेड को छह और गेल इंडिया की इकाई गेल गैस लि. को चार क्षेत्रों के लिए लाइसेंस मिला है। इंद्रप्रस्थ गैस लि. और टोरेंट गैस लि. को तीन-तीन, अदाणी गैस और भारत गैस रिसोर्सेज को दो-दो क्षेत्रों के लिए लाइसेंस मिला है।

