भागलपुर जीरोमाइल से नवगछिया तक बीते शुक्रवार की देर रात्रि से ही भीषण जाम लगने के कारण यात्रियों को घोर परेशानी उठानी पड़ रही है। विक्रमशिला सेतु से पहुंच पथ होते हुए नवगछिया के तेतरीजीरो माइल तक वाहनों की तीन-तीन कतार लग जाने के कारण भागलपुर से पूर्णिया, कटिहार व मधेपुरा आने-जाने वालों को घोर परेशानी उठानी पड़ रही है।
पूर्णिया से भागलपुर जाने में 15 से 17 घंटे लग रहे हैं। शनिवार को इस कारण कई यात्रियों की ट्रेनें छूट गयी।

शनिवार को दिन भर सेतु और पहुंच पथ पर वाहनों का जाम लगा रहा। इस कारण कई वाहन घंटो जाम में फंसे रहे। तपती धूप और गर्मी में लोगों को घंटो जाम में झुलसना पड़ा। जाम में फंसे वाहनों के यात्री प्यास के कारण दिनभर परेशान नजर आए। परबत्ता थानाध्यक्ष पहुंच पथ और सेतू पर खड़े होकर वाहनों को एक-एक कर निकलवाते रहे। संध्या समय तक जाम की स्थिति बनी हुई थी।


