नवगछिया : 5 प्रखंडों में गंगा का तो 3 में कोसी का कहर जारी है। बाढ़ ने भयावह रूप ले लिया है। नवगछिया, इस्माइलपुर, नारायणपुर में गंगा तो, रंगरा, बिहपुर और खरीक में कोसी के बाढ़ से कई इलाके जलमग्न हो गया है। नवगछिया के इस्माइलपुर-बिंदटोली गंगा का जलस्तर पिछले 24 घंटे में 10 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान में गंगा नदी 32.50 सेंटीमीटर पर बह रही है, जो खतरे के निशान 31.60 से 90 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। वहीं कहलगांव में खतरे के निशान से 61 सेंटीमीटर ऊपर गंगा बह रही है। यहां गंगा का जलस्तर 31:70 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 31:09 मीटर है। प्रति दो घंटे में एक सेंटीमीटर के हिसाब से गंगा बढ़ रही है।
Total Downloads: 116
नवगछिया अनुमंडल का इस्माइलपुर प्रखंड पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में है। बाढ़ का पानी नए इलाकों में भी फैल गया है। शनिवार को नवगछिया प्रखंड के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए। कलबलिया धार के पास तेतरी जाह्नवी चौक 14 नंबर सड़क पर भी दबाव बढ़ गया, तेजी से रिसाव शुरू हो गया है। गोपालपुर प्रखंड के ब्रह्मोत्तर बांध व सुकटिया बाजार जाने वाली सड़क पर रिसाव शुरू होने से गोपालपुर प्रखंड मुख्यालय सहित प्रखंड के कई गांवों पर भी खतरा मंडराने लगा है।


ब्रह्मोत्तर बांध से रिसाव शुरू होने के बाद दोनों स्थानों पर सीओ गोपालपुर मौके पर पहुंचे। जल संसाधन विभाग ने रिसाव के बाद फ्लड फाइटिंग कर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। इस्माइलपुर हटिया जलमग्न हो गया है, अंचल कार्यालय परिसर में पानी प्रवेश कर चुका है। किसी भी समय बाढ़ का पानी कार्यालय में प्रवेश कर सकता है। कार्यालय के सभी दस्तावेज को तत्काल ऊंचे स्थानों पर सुरक्षित रखा गया है। कार्यालय को शिफ्ट कराए जाने की भी प्रशासनिक स्तर से तैयारी शुरू कर दी गई है।

नवगछिया : ये गांव चपेट में
नवगछिया प्रखंड के खगड़ा, बोरवा, गोणरचक, साहू परबत्ता का निचला इलाका, कनकी टोला, जगतपुर पंचायत के छर्रा पट्टी, कनकीटोला पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में आ गया है। लोग अपने परिवार के साथ सुरक्षित स्थान पर अपना ठिकाना बना रहे हैं। बाढ़ पीड़ितों 14 नंबर सड़क व बांध पर शरण ले रहे हैं। जबकि 14 नंबर सड़क में कलबलिया धार के पास भी पानी का रिसाव तेज हो गया है।
