विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर जगतपुर गांव के पास बुधवार सुबह 11.30 बजे एक बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। तीनों एक ही परिवार के थे। बाइक पर सवार पूर्णिया के भवानीपुर थानाक्षेत्र के भंगरा गांव निवासी मो. खुर्शीद आलम के पुत्र मो. शाहनवाज आलम (24), उसकी गर्भवती भाभी जेबा खातून (22) और भतीजी शाहिमा खातून (3) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों जेबा के मायके शाहकुंड के जुआखर गांव से घर लौट रहे थे। तीनों काे रौंदने के बाद ट्रक चालक भाग खड़ा हुआ।
Total Downloads: 105
घटना के विरोध में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
जगतपुर के पास सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मारी। बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरे और ट्रक के पहिये के नीचे आ गए। शाहनवाज के हेलमेट का फीता पहिये के नीचे आने से टूटा और हेलमेट सिर से निकल गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने तीन घंटे तक रोड जाम कर दिया। दोपहर 2.30 बजे पूर्णिया से मृतकों के परिजन पहुंचे। पांच थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस अफसरों के मुआवजे के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ।
पूर्णिया के भवानीपुर प्रखंड के शहीदगंज पंचायत वार्ड-9 के एक ही घर के तीन लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। शाहनवाज अपनी भाभी को मायके से लाने के लिए गया था और वापस लौटने के क्रम में विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर जगतपुर गांव के पास ट्रक ने उसकी बाइक को ठोकर मार दी। इससे मौके पर ही शाहनवाज, उसकी भाभी जेबा खातून व भतीजी शाहिना की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने बताया कि तीन दिन पहले ही जेबा मायके गई थी। शाहनवाज की मौत की खबर सुन बदहवाश पिता खुर्शीद आलम व मां की हालत खराब हो गई है।

घर का सबसे छोटा बेटा शाहनवाज काफी मेहनती था। रोते-बिलखते पिता खुर्शीद आलम ने बताया कि शाहनवाज को घर में सभी काफी प्यार करते थे। वह पेन्टिंग का काम करता था। परिवार के अन्य बेटों की शादी साधारण ढंग से हुई थी, लेकिन शाहनवाज की बड़ी धूमधाम से शादी करने की ख्वाहिश थी। शाहनवाज की भाभी जेबा परवीन के पति अपनी बेटी शाहिना परवीन के लिए भी काफी अरमान पाल रखे थे। बच्ची के पिता रह-रहकर बेहोश हो जा रहे थे।
शाहनवाज घर में कमाने वाला इकलौता बेटा था। शाहनवाज आलम चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसे एक बहन है। उसकी मौत से भाई इस्तखार आलम, अशफाक आलम व शोएब आलम का भी रो-रोकर बुरा हाल था। शाहनवाज अपनी भाभी जेबा को मायके से लाने के लिए गया था और साथ में 3 वर्षीय भतीजी शाहिना भी थी।
विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर सड़क हादसे में पूर्णिया के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद मातम

