सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर जा रही और मुजफ्फरपुर से सिलीगुड़ी आ रही यात्रियों से भरी बसों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों बसों में सवार 30 यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि दोनों बसें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसा बुधवार अलसुबह 3 बजे एनएच-31 पर झंडापुर ओपी के बगड़ी चौक के पास हुई। दुर्घटना के बाद दोनों बसों के चालक और खलासी वाहन छोड़कर भाग गए। घटना के बाद घायल यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। इस बीच कई यात्री बस से कूदकर अपनी जान बचाए। गनीमत रही कि दुर्घटना के बाद बसें पलटी नहीं, अन्यथा कई लोगों की जानें जा सकती थीं।

सूचना पर झंडापुर ओपी प्रभारी पंकज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कुछ घायलों को बिहपुर पीएचसी और गंभीर रूप से घायल लोगों को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। नवगछिया अनुमंडल अस्पताल से पांच घायलों की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बसों को जब्त कर लिया है। ओपी प्रभारी ने बताया कि बस चालक और मालिकों का पता लगाया जा रहा है।

घायलों के अस्पताल पहुंचने पर मची अफरा-तफरी

इधर इतनी बड़ी संख्या में एक साथ घायलों के अस्पताल पहुंचने पर वहां अफरातफरी मच गई। नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल और बिहपुर पीएचसी के स्वास्थ्यकर्मी तुरंत उनके इलाज में जुट गए। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने भी काफी सूझबूझ के साथ काम लिया। डॉक्टरों ने सभी घायलों का बारी-बारी से मरहम पट्‌टी की और लोगों को शांत कराया।

घायलों में ज्यादातर बंगाल और बेगूसराय के रहने वाले

घायलों में अधिकतर यात्री बंगाल और बेगूसराय के रहने वाले हैं। इनमें नेपाल के दिलीप कुमार, सिक्किम के काला सुब्बा, संतोष कुमार साह, मो. शाकिर,चंद्रा, तालजार सेइपा, यूसीता सुब्बा, कंचन कुमारी, सिद्धार्थ, बैरना राज, सिरपा सेइपा, दार्जलिंग के केवल कुमार, दानापुर के मनोज, बेगूसराय नूरपुर के राजपाल हसन, शबाना परवीन, निशान हुसैन, बासिया खातून, रेहान हुसैन, ओडिव परवीन, अरहान हसन, दरियापुर के शाकिन राय, बलिया के प्रकाश यादव, बेगूसराय के अशोक कुमार, मोतिहारी के ब्रजभूषण पांडेय, उत्तरी दीनाजपुर के सेउर रहमान, कटिहार के बालूगंज के सदन शर्मा, राजू शर्मा, मो. मनोवर, आजमगढ़ के रंजन सिंह, सदर बाजार पूर्णिया के पिंकू शर्मा शामिल हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....