मंगल, राहु का षडाष्टक एवं सूर्य, शनि, गुरु, केतु व बुध का राहु के साथ समसप्तक योग बनाएंगे
आकाश मंडल के प्रमुख ग्रह गुरु, शनि व बुध धनु राशि में भ्रमण करते हुए इस माह के उत्तरार्ध में अस्त होकर जनवरी माह के उत्तरार्ध में उदय होंगे। इसी के साथ सूर्य ग्रहण के दिन छह ग्रहों की युति धनु राशि में हो रही है। साथ ही मंगल, राहु का षडाष्टक एवं सूर्य, शनि, गुरु, केतु और बुध का राहु के साथ समसप्तक योग बनाएंगे।
इन सब ग्रह योग के चलते हिमस्खलन, भूकंप के साथ जन-धन की हानि हो सकती है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार सूर्य 18 दिसंबर को सुबह 7:18 बजे अस्त होकर 20 जनवरी को शाम 5:52 बजे पश्चिम में उदय होंगे। वहीं शनि ग्रह 28 दिसंबर को शाम 5:25 बजे पश्चिम दिशा में अस्त होकर 30 जनवरी को सुबह 7:19 बजे पूर्व दिशा में उदित होंगे। इन ग्रहों का सबसे अधिक दुष्प्रभाव वृषभ, कन्या, धनु, मकर राशि पर पड़ेगा।
जिन जातकों के जन्म के समय वृषभ, कन्या, धनु, मकर राशि है उन्हें गुरु मंत्र का जाप, इष्ट देवता की आराधना, तुला दान, महामृत्युंजय जाप करें। ज्योतिषियों के अनुसार शनि वर्ष गणना के अनुसार 30 साल बाद ग्रह-युति योग का भी संयोग बन रहा है। बृहस्पति वर्ष गणना से 12 साल बाद ग्रहों की ऐसी स्थिति बन रही है, जिनसे चतग्रही व पंचग्रही योग बनेंगे। इन परिवर्तनों का असर मौसम, खेतीबाड़ी और जलवायु के साथ सामान्य जनजीवन पर भी दिखाई देगा।

सूर्य ग्रहण का सूतक 25 को रात्रि से
ज्योतिषाचार्य विशंभर झा के अनुसार खंडग्रास सूर्य ग्रहण का सूतक 25 दिसंबर को रात्रि 8:10 बजे से प्रारंभ हो जाएगा। खंडग्रास सूर्य ग्रहण 26 दिसंबर को सुबह 8 बजे से होगा। ग्रहण का मध्य सुबह 9:31 बजे एवं मोक्ष दोपहर 1:36 बजे होगा। सूर्य ग्रहण का प्रारंभ और समाप्ति काल हर जगह अलग-अलग होगा। सूर्य ग्रहण का पर्व काल 2 घंटे 46 मिनट रहेगा। खंडग्रास सूर्य ग्रहण की घटना अमावस्या वाले दिन ही घटित होती है। सूर्य ग्रहण के कारण व्यापार, शिक्षा, धार्मिक हलचल के साथ-साथ देश के अपराध में वृद्धि करेगा। साथ ही खाद्यान्न वस्तुओं और सोना-चांदी में तेजी आएगी।
आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ करें
ग्रहण का राशियों पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि मेष, मिथुन, सिंह, वृश्चिक राशि वाले जातकों के लिए खंड ग्रास सूर्य ग्रहण के सामान्य एवं मध्यम फल प्राप्त होगा। वृषभ, कन्या, धनु, मकर राशि के जातकों के लिए खंडग्रास कंकड़ सूर्य ग्रहण का प्रभाव कष्टकारी रहेगा। कर्क, तुला, कुंभ, मीन राशि वाले जातकों के लिए खंड ग्रास कंकड़ सूर्य ग्रहण सुख फलदायक होगा। जिन जातकों के लिए खंड ग्रास सूर्य ग्रहण अशुभ है उन्हें आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ, गुरु मंत्र का जाप, अपने इष्टदेव की उपासना या सूर्य ग्रह के तांत्रिक बीज मंत्र का जाप करना शुभ रहेगा।
24 जनवरी से सूर्य, शनि एक ही राशि में
24 जनवरी को शनि का मकर राशि में प्रवेश करते ही सूर्य व शनि युति बनेगी। ये पिता-पुत्र एक ही राशि में रहेंगे। इनका प्रभाव अच्छा होगा। प्राकृतिक विपदा में कमी आएगी।
ग्रहों का राशि-नक्षत्र परिवर्तन
16 दिसंबर सूर्य वृश्चिक से धनु तथा नक्षत्र-मूल में प्रवेश कर गए।
20 दिसंबर गुरु का मूल नक्षत्र में प्रवेश,अस्त होंगे।
23 दिसंबर शुक्र का श्रवण नक्षत्र में प्रवेश, उदय होगा।
24 दिसंबर बुध का वृश्चिक राशि से धनु में प्रवेश, मूल नक्षत्र में।
26 दिसंबर शनि का उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में प्रवेश।
27 दिसंबर को शनि अस्त होगा।


