नवगछिया : केंद्र सरकार द्वारा शनिवार को पेश किए बजट पर नवगछिया के लोगों ने मिलीजुली प्रतिक्रिया दी है। राजद ने बजट को निराशाजनक बताया है। उन्हाेंने कहा कि आम लोगों के लिए बजट में कुछ खास नहीं है। बजट में बेरोजगारी व बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने पर भी कोई चर्चा नहीं हुई। राजद कार्यकर्त्ता ने कहा कि यह बजट भारत की गरीब जनता के लिए लॉली पॉप है।
Total Downloads: 176
रोजमर्रा जीवन में उपयोग की जाने वाली वस्तुएं महंगी हुई हैं। युवा आशीष कुमार (शेयर मार्केटिंग एस्पेर्ट) ने कहा कि किसानों को सोलर पम्प दिए जाने के नाम पर भी घोटालों का बाजार सजेगा। संतोषी कुमारी ने कहा कि यह बजट भारत के 10 फीसदी पूंजीपतियों के लिए लाभदायक है। बजट में आम वर्ग के शोषण की एक नई परीपाटी शुरू की गयी है। वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि ने बजट को दिशाहीन व निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में बिहार के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है। बजट में आमलोगों के साथ बेरोजगार, किसान, मजदूर अपने को ठगा महसूस कर रहे है। आगामी विस चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।

भाजपाइयों ने कहा- किसानों, महिलाओं व आमलोगों के हित में है बजट
दूसरी ओर भाजपा नेता मुकेश राणा ने कहा कि आम बजट में कृषि और सिंचाई के लिए करोड़ों की राशि खर्च करने की योजना है। हर पंचायत में कोल्ड स्टोरेज खोलने का निर्णय, स्वास्थ्य क्षेत्र में 70 हजार करोड़ रुपए का बजट व महिलाओं से जुड़ी योजनाओं के लिए 28 हजार करोड़ रुपए का बजट काफी सराहनीय है। भाजपा नगर अध्यक्ष कौशल जायसवाल का कहना है कि यह बजट ऐतिहासिक और समावेशी है। इससे किसानों को काफी फायदा होगा। रोजगार के अवसर भी प्रदान होंगे।

जीबी कॉलेज के प्रो. डा विभांशु मंडल ने कहा कि बजट ऐतिहासिक है। सरकार ने फिर से साबित किया कि सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र पर चल रही है। व्यवसायी रणजीत कुमार ने कहा कि यह बजट गरीब, मध्यमवर्गीय, किसान एवं आम जनता के लिए लाभकारी बजट है। इस बजट से भारत की अर्थव्यवस्था और सुदृढ होगी। पांच लाख तक की आय को पूर्णरूपेण टैक्स फ्री कर आगे की दर को भी कम किया है।
महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी
कपड़ा व्यवसायी अशोक केडिया ने कहा कि बहुत ही बढ़िया बजट है। खासकर सरकार ने इनकम टैक्स में जो छूट दी है, इससे मिडिल क्लास को फायदा होगा। बाबा गणिनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार भारती ने कहा कि यह बजट भारत की अर्थव्यवस्था को आगे ले जाएगा। वहीं प्रीति चिरानियां ने कहा कि केंद्रीय वित्तमंत्री अपने पहले बजट में ही महिलाओं का खास ध्यान रखा है जो काबिल ए तारीफ है। रिम्पा केडिया ने कहा कि बजट में नारी तू नारायणी नारे के साथ महिलाओं को आर्थिक तौर पर मजबूती देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गयी हैं।

