गोपालपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया मकंदपुर निवासी मंटू चौधरी हत्याकांड में पुलिस को अब मास्टर माइंड पचगछिया निवासी मनीष सिंह की तलाश है। पुलिस ने दावा किया है कि मनीष सिंह को जल्द ही पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। इधर, इसी मामले में गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी सुकेश शर्मा ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा है कि मनीष सिंह के साथ उसने छह माह पूर्व मंटू चौधरी की हत्या की साजिश रची थी। मालूम हो कि मंटू चौधरी का शव तेतरी जीरोमाइल के पास एक गोदाम के पास से गुरुवार को बरामद किया गया था।
Total Downloads: 172
4 फरवरी 2019 को सुकेश के बड़े भाई बबलू शर्मा का शव मंटू चौधरी के बासा पर मिला था। सुकेश और परिवार वालों का मानना था कि मंटू चौधरी ने ही बबलू शर्मा को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या कर दी है। जबकि मंटू चौधरी पूर्व में कई बार सफाई दे चुका था कि उसने उसके भाई को नहीं मारा है। मंटू यह भी कहता था कि आखिर क्यों वह बबलू की हत्या करेगा।

उस समय बबलू शर्मा शराब के नशे में अचेत था तो मंटू चौधरी ने उसे अपने बासा पर सुला था। अचेतावस्था में ही उसकी मृत्यु हो गयी थी। इस मामले में न तो कोई प्राथमिकी दर्ज की गयी थी और न ही पुलिस को मामले की सूचना दी गयी थी। ठीक चार फरवरी 2020 को सुकेश ने मनीष के सहारे एक जाल बुना जिसमें मंटू चौधरी आसानी से फंस गया।
फिर उसकी हत्या कर शव को छुपा दिया गया। नवगछिया पुलिस ने सुकेश को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसपी निधि रानी ने कहा कि आरोपी मनीष सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

