खपरैल के घर में बल्ले से गले में फंदा डालकर पीजी के एक छात्र ने खुदकुशी कर ली। घटना रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली गांव में सोमवार रात की है। जहां गुणसागर सिंह के पुत्र राकेश कुमार (25) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह टीएमबीयू में इतिहास विषय में एमए प्रथम वर्ष का छात्र था। घटना के कारण का पता नहीं चल पाया है। सूचना पर रंगरा थानाध्यक्ष एसएन झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की तहकीकात की। राकेश के पिता ने पुलिस को बताया कि वह रोज सुबह 5:00 बजे जग जाता था। लेकिन मंगलवार को जब वह नहीं उठा तो हमने उसे आवाज लगाई। उसके कमरे से किसी प्रकार की आवाज नहीं आई तो मैं दरवाजे को धक्के देकर खोला।

इसके बाद देखा कि राकेश का शव फंदे से झूल रहा था। शोर करने पर घर के अन्य सदस्य पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि बेटे ने आत्महत्या क्यों की, यह हम नहीं समझ पा रहे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। रंगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं सका है। पुलिस हर बिंदु पर मामले की तहकीकात कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा हो सकता है।

पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था

परिजनों ने बताया कि राकेश पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षा की भी तैयारी कर रहा था। घटना के बाद परिजनों के अलावे आसपास के लोग भी काफी हैरान हैं कि आखिर उसने आत्महत्या क्यों की। राकेश चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। पिता गुण सागर सिंह रो-रोकर कह रहे थे कि मजदूरी कर बेटे को बड़े अरमान से पढ़ाया था। उससे परिवार को काफी उम्मीदें थी। वहीं मां दीपा देवी छोटे भाई और दोनों बहने भी बेहाल थीं। वहीं गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ था।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *