नवगछिया : संजीव चौरसिया, वरीय पत्रकार – नगर पंचायत क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद से शहर सील है। इससे कुल 23 में 17 वार्ड के लोग परेशान हैं। उनकी समस्या जानने के लिए शहर के वार्ड नंबर-14 में चैती दुर्गा मंदिर के प्रांगण में शनिवार को संवाददाता पहुंचे तो *लोगों ने बताया कि पहले भोजन की समस्या थी, अब पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
रंजीत कुमार ने बताया कि हमलोग घरों में अपना स्वरोजगार करके परिवार चलाते हैं। लेकिन 40 दिनों से कारोबार बंद है। सरकार द्वारा दिया गया गेहूं-चावल भी अब खत्म होने को है। रामशरण पोद्दार ने बताया कि रोजगार के साधन बंद होने से स्थिति दयनीय हो गई है। जैसे-जैसे समय बीत रहा है, वैसे-वैसे समस्या भी बढ़ती जा रही है। संतोष कुमार ने बताया कि नवगछिया में सप्लाई वाटर 12 दिनों से बंद है।

फिर भी कोई देखने वाला नहीं है। प्रभु साह ने बताया कि हमारा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का कारोबार है, जो लॉकडाउन में पूरी तरह से बंद हैं। ऐसे में गाड़ियों की किस्त और सहयोगियों के भुगतान में काफी दिक्कत हो रही है। पंडित निरंजन झा ने बताया कि लॉकडाउन में पूजा-पाठ पूरी तरह से बंद है। हम परिवार का गुजारा कैसे करें।
रतन कुमार ने कहा कि नगर पंचायत के द्वारा एक बार क्षेत्र को सेनेटाइज कराया गया है। नवगछिया में एक बार और सेनेटाइज कराया जाना चाहिए। अशोक निराला ने कहा कि बिना राशनकार्ड वाले को कोई सुविधा अभी तक सरकार द्वारा नहीं मिली है, ऐसे में जैसे-तैसे गुजारा हो रहा है।


