नवगछिया । गोपालपुर और इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती लक्ष्मीपुर-गोसांईगांव-इस्माईलपुर रोड पर लोहा पुल के समीप इसमाईलपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी से नौ सितंबर को लूट का मामला झूठा निकला। ऑनलाइन गेम में रुपये हारने के बाद युवक ने लूट की झूठी कहानी रची थी। नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता कर मामले का उद्भेदन किया।

एसपी ने बताया कि मामले की प्राथमिकी गोपालपुर थाने में दर्ज की गयी थी। जिसमें लक्ष्मीपुर निवासी ने बताया था कि नौ सितंबर को लोहा पुल के समीप उससे बदमाशों ने ₹1.30 लाख, मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट लिया था। एसपी ने बताया कि निशांत को तीन पत्ती नाम के ऑनलाइन गेम खेलने की आदत लग गयी थी। इस क्रम में वह खाते में जमा रकम गेम में हार गया था। युवक टेंट का काम करता था। उसके खाते में पहले से दस हजार रुपया जमा था। जबकि उसके खाते में बाकी रकम उसके चाचा और पिता की थी।

रकम हार जाने की बात छिपाने के लिए युवक ने लूट की एक झूठी कहानी गढ़ कर पुलिस को गुमराह किया। इस क्रम में युवक ने अपना मोबाइल और चाभी पानी मे फेंक दिया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में मामले में अनुसंधान शुरू किया गया। युवक ने पुलिस को बताया था कि यूको बैंक से रकम निकाल कर घर जाने के क्रम में उसके साथ यह घटना हुई थी। पुलिस ने प्राथमिक अनुसंधान में बैंक खाते का डिटेल प्राप्त किया।

जिसमें ₹1.30 लाख निकासी करने का मामला झूठ निकला। इसके बाद पुलिस ने युवक से सख्ती से पूछताछ की तो मामला खुलता चला गया। युवक ने बताया कि करीब एक साल से उसे गेम खेलने की आदत लग गयी थी। शुरुआती दौर में वह जीत रहा था। जिसके बाद उसके खाते में रकम भी आया लेकिन इन दिनों वह हारता चला गया और अंततः उसके खाते में रखे चाचा और पिता के पैसे भी हार गया।

युवक के बैंक डिटेल में भी ऑनलाइम गेम में रकम कटने की बात सामने आयी है। एसपी ने बताया कि इस मामले का खुलासा 2 दिन में करने को लेकर के एसडीपीओ सहित सभी पुलिस पदाधिकारी को पुरस्कृत किया जाएगा। इस मौके पर गोपालपुर थाना अध्यक्ष नीरज कुमार इस्माईलपुर थाना अध्यक्ष मनी पासवान नगर थाना अध्यक्ष भारत भूषण पीएसआई बसंत कुमार मौजूद थे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *