नवगछिया में बुधवार नाव हादसों के नाम रहा। गोपालगंज में पुलिस को लेकर जा रही नाव पलट गयी जिसमें शराब तस्कर को पकड़ने जा रहे चार पुलिसकर्मी डूब गए। घटना में एक सिपाही की मौत हो गई। इसी बीच भागलपुर में भीषण नाव हादसा हुआ जिसमें चार की मौत हो गई। अभी तक एक नाव सवार लापता है जिसकी तलाश की जा रही है।
Total Downloads: 85
भागलपुर के नवगछिया के इस्माईलपुर में यह हादसा हुआ। बुधवार की शाम लोगों को लेकर जा रही नाव गंगा नदी में पलट गई। इस नाव हादसे में नाव पर सवाल चार लोगों की मौत हो गयी । एक व्यक्ति लापता है। जिसकी खोज की जा रही है। नाव पर सवार लोग इस्माईलपुर से अभिया काली मेला देखने जा रहे थे। गंगा के छारण में नाव पलट गयी।
बताया जा रहा है कि इस्माईलपुर प्रखंड के मेवालाल दास टोला से लोग बुधवार को काली मेला देखने नाव से गोपालपुर प्रखंड के अभिया जा रहे थे। नाव पर आठ लोग सवार थे। तभी कलबलिया नदी (गंगा का छारण) में अभिया पुल के पास नाव अनियंत्रित होकर पलट गयी। नाव पर सवार तीन महिलाएं तैरकर बाहर निकल गयी। नाव पर सवार पांच लोग डूब गए।

स्थानीय लोगों की मदद से चार शवों को बाहर निकाल लिया गया है। मृतकों की पहचान हो गई है। डूबकर मरने वालों में विकास कुमार (18), रंभा देवी (45), स्वीटी कुमारी (08) और सुभम कुमार (10) शामिल हैं। एक व्यक्ति लापता है जिसकी की खोज की जा रही है। नाव पलटने की सूचना मिलने के बाद काफी भीड़ जमा हो गयी है। अंधेरा होने के चलते लापता व्यक्ति की खोज में परेशानी हो रही है।
जिला आपदा प्रबंधन शाखा के प्रभारी सह वरीय उपसमाहहर्ता विकास कुमार कर्ण ने बताया कि चार लोगों का शव बरामद होने की जानकारी मिली है। एक व्यक्ति अभी भी लापता है। रात होने के चलते एसडीआरएफ की टीम ऑपरेशन शुरू नहीं कर पा रही है। सुबह में लापता व्यक्ति की खोज की जाएगी। स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है। मृत लोगों के आश्रितों को नियमानुसार अनुग्रह अनुदान की राशि का भुगतान किया जाएगा।
